गाजियाबाद: इंदिरापुरम में बिजली लाइन में लगी आग, 10 घंटे रहा ब्लैकआउट

गाजियाबाद के इंदिरापुरम (अभय खंड) में 33 KV भूमिगत लाइन में आग लगने से 10 घंटे बिजली गुल। वसुंधरा और वैशाली में भी ट्रिपिंग से लोग परेशान। जानें कब बहाल हुई सप्लाई।

भीषण गर्मी के बीच ट्रांस हिंडन क्षेत्र में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार सुबह इंदिरापुरम के अभय खंड-एक में 33 केवी की भूमिगत बिजली लाइन में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छह घंटे बाद लाइन की मरम्मत हुई तो फिर यहीं पर दोबारा फॉल्ट हो गया। करीब 10 घंटे बाद आपूर्ति सुचारू की जा सकी। इस दौरान लोग भीषण गर्मी से परेशान दिखे। अभयखंड-1 में गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के पास सुबह करीब सात बजे तेज धमाके के साथ 33 केवी की भूमिगत लाइन से धुआं निकलने लगा। सेंट्रल वर्ज के नीचे पड़ी लाइन से निकली आग की चपेट में आकर पौधे भी जलने लगे। देखते ही देखते आग फैलने लगी और पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोगों ने अपनी सूझबूझ से बाल्टियों में पानी लाकर आग पर डाल काबू पाया। स्थानीय निवासी रतन पाल ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे तक आपूर्ति गुल रही।

बिजली कटने से परेशानी

बिजली कटने से गर्मी और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की हालत सबसे ज्यादा खराब रही। एक बजे आपूर्ति सुचारू होते ही दोबारा 33 केवी भूमिगत लाइन में फॉल्ट हो गया। इस कारण पूरे अभयखंड-1 में 10 घंटे आपूर्ति बाधित रही। 50 हजार से अधिक लोग दिन भर बिना बिजली के रहे। सोसाइटी में जेनरेटर से लिफ्ट तो चलीं, लेकिन एसी न चलने से गर्मी से हलकान हुए。

रात में बिजली के साथ नींद भी हो रही गुल

वसुंधरा, वैशाली, कड़कड़ मॉडल, शालीमार गार्डन समेत कई इलाकों में भी रात के समय करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई क्षेत्रों में लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही, जिससे लोगों की नींद खराब हो गई। लोगों का आरोप है कि बढ़ती गर्मी के बावजूद विद्युत निगम बिजली व्यवस्था को सुचारू रखने में नाकाम साबित हो रहा है।

बिजली ट्रिपिंग की समस्या

वहीं, शहर में राजनगर एक्सटेंशन, सिद्धार्थ विहार समेत अन्य सोसाइटी में भी बिजली ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को समय से पहले भुगतान करने के बाद बिजली ट्रिपिंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत निगम जोन तीन मुख्य अभियंता बृजेश कुमार का कहना है कि शिकायत मिलते ही मरम्मत करने के लिए टीम को भेज दिया गया था। 33 केवी लाइन में फॉल्ट को ढूंढने और खुदाई करने में थोड़ा समय लगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.