गाजियाबाद: घर बैठे कमाई के लालच में युवक से ₹4.5 लाख की ठगी, पुलिस जांच शुरू
गाजियाबाद के कविनगर में साइबर ठगों ने युवक को निवेश पर मुनाफे का लालच देकर ₹4.5 लाख ठगे। सोशल मीडिया के जरिए जाल में फंसाया। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने शुरू की जांच।
गाजियाबाद । साइबर अपराधियों ने घर बैठे कमाई का लालच देकर कविनगर निवासी युवक से साढ़े चार लाख रुपये ठग लिए। रकम वापस न मिलने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद कविनगर थाने में शिकायत दी गई। कविनगर एफ-ब्लॉक निवासी हर्ष कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले अज्ञात लोगों ने उनके पास सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को एक कंपनी से जुड़ा बताते हुए ऑनलाइन कार्य पूरा करने के बदले रुपये कमाने का प्रस्ताव दिया। शुरुआत में उन्हें छोटे कार्य दिए गए, जिन्हें पूरा करने पर कुछ रकम उनके खाते में भेजी गई।
इससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें एक अन्य ग्रुप से जोड़ दिया, जहां निवेश करने पर ज्यादा मुनाफा मिलने का लालच दिया गया। हर्ष कुमार का कहना है कि झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में करीब साढ़े चार लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया।इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला और कविनगर थाने में प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि थाने की साइबर सेल द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित बैंक खातों और यूपीआई आईडी की जानकारी जुटाने के साथ-साथ रकम ट्रांसफर होने वाले खातों को खंगाला जा रहा है। साइबर अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी।