ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक जाम का अंत: 15 मुख्य सड़कें होंगी चौड़ी, ₹100 करोड़ का टेंडर जारी

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ₹100 करोड़ की लागत से 15+ मुख्य सड़कों को 6 और 8 लेन का बनाएगा। नोएडा एयरपोर्ट के बाद बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को देखते हुए लिया गया बड़ा फैसला।

ग्रेटर नोएडा शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए मुख्य सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। प्राधिकरण ने एक साथ 15 से अधिक सड़कों को चौड़ा करने के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए 4 लेन की सड़क को 6 लेन का बनाया जाएगा। वहीं, 6 लेन की सड़क को 8 लेन करने की योजना बनाई गई है। इन कार्यों पर सौ करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सर्विस मार्ग को भी दुरुस्त किया जाएगा। अधूरे सर्विस मार्ग चिह्नित कर लिए गए हैं। सड़कों को चौड़ा करने का काम एक से दो माह में पूरा कर लिया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि शहर में ट्रैफिक के दबाव वाली कई सड़कों को चौड़ा करने का काम पहले से चल रहा है। इसके अलावा गोलचक्कर का आकार भी छोटा किया जा रहा है।

इन सड़कों को चौड़ा किया जाएगा

जिन सड़कों को चौड़ा किया जाना है उनमें सेक्टर-36, 37 और सेक्टर पाई-1,2 के बीच ऐच्छर टी पॉइंट से 60 मीटर चौड़ी सड़क को 130 मीटर चौड़ी सड़क, नवादा से डेल्टा गोलचक्कर वाया ओमेक्स से साई मंदिर गोलचक्कर तक शामिल है। इसके अलावा सेक्टर- 2 और 3 के गोलचक्कर से तुस्याना, सूरजपुर पुलिस चौकी से डेंसो कंपनी तक डीएससी (दादरी-सूरजपुर- छलेरा) मार्ग, सेक्टर सिग्मा-1,2 और सेक्टर-36, 37 के बीच की 60 मीटर चौड़ी सड़क को चौड़ा किया जाएगा।

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ”ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए शहर की सभी मुख्य सड़कों को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है। नोएडा एयरपोर्ट के संचालन के बाद ट्रैफिक का दबाव और अधिक बढ़ेगा। भविष्य को देखते हुए सड़कों के विस्तार की योजना बनाई गई है। इससे आगामी 20-25 सालों तक कोई दिक्कत नहीं होगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.