नोएडा-ग्रेटर नोएडा हिंडन पुल का काम पूरा; अब कनेक्टिविटी के लिए 6 महीने का इंतजार

नोएडा सेक्टर-146 से ग्रेटर नोएडा एलजी गोलचक्कर को जोड़ने वाले हिंडन पुल का निर्माण पूरा। 200 मीटर लंबे 6-लेन पुल से सफर होगा आसान। जानें कब शुरू होगी यातायात।

नोएडा के सेक्टर-146 से ग्रेटर नोएडा के एलजी गोलचक्कर को जोड़ने के लिए हिंडन नदी पर बनने वाले पुल का काम अब लगभग पूरा हो गया है। अब सिर्फ फिनिशिंग का ही काम बाकी बचा है। प्राधिकरण पुल को जोड़ने के लिए बनने वाली सड़क का काम भी 15 जून तक पूरा कर लेगा। हालांकि, लोगों को इस नई कनेक्टिविटी का फायदा लेने के लिए करीब छह महीने का और इंतजार करना पड़ेगा।

200 मीटर लंबा है छह लेन का पुल

हिंडन पर पुल बनाने का काम यूपी सेतु निगम की ओर से किया जा रहा है। जबकि नोएडा-ग्रेटर नोएडा की ओर सड़क बनाने का काम दोनों प्राधिकरण कर रहे हैं। सेक्टर-146 के सामने बन रहे हिंडन पुल का निर्माण 2019 में शुरू हुआ था। बीच में कई कारणों से बंद रहा। करीब डेढ साल पहले सेतु निगम ने दोबारा से काम शुरू किया। यह पुल करीब 200 मीटर लंबा और छह लेन का बनाया जा रहा है। अब पुल बनने के बाद सेत निगम की ओर ही पुल की रिटेनिंग वॉल बनाई जाएगी।

15 दिन में पूरा हो जाएगा बाकी का काम

हिंडन पुल से सेक्टर-146 के सामने से नोएडा की तरफ सेक्टर-145 की 45 मीटर रोड तक 810 मीटर की एप्रोच रोड का निर्माण नोएडा अपने क्षेत्र में करवा रहा है। यह काम 10 फरवरी 2024 को शुरू हुआ। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सड़क को पुल से जोड़ने से संबंधित करीब 90 प्रतिशत काम हो गया है। बचा काम भी करीब 15 दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इस परियोजना की निर्माण लागत करीब 32 करोड़ रुपये है।

छह महीने का इंतजार

सेतु निगम ने हिंडन पर पुल बना दिया। नोएडा भी सड़क बनाने समेत अन्य काम 15-20 दिन में पूरा कर लेगा। अभी ग्रेटर नोएडा की ओर जमीन संबंधी दिक्कत होने से लोगों को सुविधा लेने के लिए इंतजार करना होगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी दिसंबर तक काम पूरा होने की बात कह रहे हैं।

जमीन अधिग्रहण न होने से दिक्कत

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर नॉलेज पार्क-3 से हिंडन पुल तक लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जानी है। इसका अब तक लगभग 75 फीसदी काम पूरा हो चुका है। हिंडन पुल और पुस्ता के बीच कुछ खसरा नंबर की जमीन अभी अधिग्रहित नहीं की जा सकी है। इस वजह में काम करने में दिक्कत आ रही है। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि परियोजना में आ रही जमीन को खरीदने के लिए किसानों से बात चल रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.