गाजियाबाद: MMG अस्पताल में मानसिक रूप से बीमार युवती का हंगामा, चाकू निकाला
गाजियाबाद के MMG अस्पताल में मानसिक रोगी युवती ने इमरजेंसी वार्ड में चाकू से डॉक्टरों पर हमला करने की कोशिश की। अस्पताल में मची अफरा-तफरी।
गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार दोपहर मानसिक रोगी युवती ने जमकर हंगामा किया। ब्लड प्रेशर नपवाने के लिए अस्पताल पहुंची युवती ने अचानक उग्र होकर डॉक्टरों पर चाकू से हमला किया। इमरजेंसी वार्ड में कागजों को फेंक दिया। पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी में कैद हो गई।
साहिबाबाद क्षेत्र निवासी 21 युवती बुधवार दोपहर करीब पौने तीन बजे एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में बीपी जांच कराने पहुंची। लेकिन बीपी मशीन पर महिला स्टाफ नहीं होने से उसने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि युवती ने इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) डॉ. मुकेश और डॉ. शेखर पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। इसके अलावा उसने डॉक्टर की टेबल पर रखे महत्वपूर्ण कागजात फेंक दिए और डॉक्टर की कुर्सी पर बैठ गई और उल्टी-सीधी हरकत करने लगी।
युवती के हंगामे के कारण इमरजेंसी वार्ड में करीब एक घंटे तक अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को हिरासत में ले लिया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी सूचना दी। इसके बाद उसके पिता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री का उपचार दिल्ली स्थित मानसिक रोग संस्थान इबहास में चल रहा है और वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से पीड़ित है।
पुलिस युवती को लेकर थाने ले गई है। मामले की जांच की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. राकेश कुमार ने घटना को गंभीर बताते हुए डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। वहीं, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहा है कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इलाज के उचित दस्तावेज दिखाने के बाद युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।