ग्रेटर नोएडा: कॉलेज हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर महिला गार्ड ने दी जान

ग्रेटर नोएडा के जीएल बजाज कॉलेज में महिला सुरक्षाकर्मी ने हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दी। पति के साथ व्हाट्सएप चैट को लेकर हुआ था विवाद। पुलिस जांच जारी।

दिल्ली-एनसीआर के ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में सुरक्षाकर्मी (Security Guard) के रूप में तैनात एक महिला ने हॉस्टल बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. इस घटना के बाद कॉलेज परिसर और हॉस्टल में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान पारुल चौधरी के रूप में हुई है. पारुल मूल रूप से मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी और यहां ग्रेटर नोएडा में जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में नौकरी करती थी. पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि पारुल ने करीब 8 महीने पहले सौरभ नाम के एक युवक से प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था. शादी के बाद से यह नवविवाहित जोड़ा ग्रेटर नोएडा के ही सूरजपुर क्षेत्र में एक किराए का कमरा लेकर साथ रह रहा था.

व्हाट्सएप चैट को लेकर पति-पत्नी में चल रहा था विवाद

ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी (Greater Noida Additional DCP) संतोष कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात खुलकर सामने आई है कि शुक्रवार की रात पारुल की मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत हुई थी. इसके बाद मोबाइल की व्हाट्सएप चैट को लेकर पति-पत्नी के बीच भारी विवाद शुरू हो गया. यह अनबन इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच तीखी कहासुनी होती रही. शनिवार सुबह जब पारुल रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर हॉस्टल पहुंची, तो मानसिक तनाव के चलते उसने कुछ ही देर बाद हॉस्टल की तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी.

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, जांच जारी

पारुल के अचानक बिल्डिंग से कूदते ही हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. हॉस्टल प्रबंधन ने बिना वक्त गंवाए तुरंत पुलिस को सूचित किया और लहूलुहान हालत में पारुल को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला आपसी घरेलू विवाद के कारण आत्महत्या का लग रहा है. मृतका के मायके वालों या परिजनों की तरफ से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मोबाइल को कब्जे में लेकर हर पहलू पर गहराई से जांच कर रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.