नोएडा जिला अस्पताल: बिना आवंटन रह रहे 12 कर्मचारियों को फ्लैट खाली करने का नोटिस
नोएडा जिला अस्पताल के सरकारी फ्लैटों में अवैध रूप से रह रहे 12 नर्सिंग व संविदा कर्मचारियों को नोटिस। 3 दिन में आवंटन पत्र दिखाने के निर्देश, वरना होगी कार्रवाई।
नोएडा । जिला अस्पताल परिसर के सरकारी आवास में बिना आवंटन रहने वाले नर्सिंग कर्मचारियों को फ्लैट खाली करने का नोटिस सीएमएस ने शुक्रवार को दिए। 12 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिनों के अंदर फ्लैट का आवंटन पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आवंटन पत्र नहीं मिलने पर फ्लैट खाली कराया जाएगा। कोरोना महामारी के बाद से कई अधिकारी और कर्मचारी अवैध रूप से फ्लैटों में रह रहे हैं। यहां एक भी फ्लैट खाली नहीं है, जिससे नए सीएमओ डॉ. मदनमोहन मणि त्रिपाठी को भी सरकारी आवास नहीं मिल पाया है। इसके साथ ही कई एसीएमओ और डीसीएमओ स्तर के स्वास्थ्य अधिकारियों को भी फ्लैट नहीं मिले हैं।
अधिकारियों की लगातार शिकायतें मिलने पर सीएमएस ने नर्सिंग आफिसर रश्मि सिंह , शीला पांडेय, संजना, नसीमा खातून, सपना सोलंकी, पूजा और अनुग्रह व अन्य जबकि स्टाफ कर्मचारियों में जिगेश, सुमित, सीमा, भावना, रूबीना एवं अन्य संविदा कर्मचारियों को आवास आवंटन के साक्ष्य प्रस्तुत करते को कहा है।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. अशोक कुमार झा ने बताया कि अपात्र नर्सिंग कर्मचारी और संविदा कर्मियों को आवास आवंटन की प्रति दिखाने और स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया है। गोपनीय जांच में सामने आया कि कई अपात्रों का फ्लैट पर कब्जा है। जवाब मिलने के बाद फ्लैट से बाहर किया जाएगा।