भिवानी की बेटियों का कमाल: केवीएस योग प्रतियोगिता में जीते स्वर्ण-कांस्य पदक

अंबाला में आयोजित केवीएस क्षेत्रीय योग प्रतियोगिता में भिवानी की बेटियों ने लहराया परचम। विधि और इशिका ने जीता स्वर्ण, यश कुमारी को मिला कांस्य।

भिवानी। हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम में युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट के बैनर तले संचालित हनुमान योग केंद्र की तीन होनहार बेटियों ने अंबाला में 23 से 25 जून तक आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।

प्रतियोगिता में गुरुग्राम क्षेत्र के अंतर्गत हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई केंद्रीय विद्यालयों के शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया जहां कड़े मुकाबले के बीच इन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हनुमान योग केंद्र के योग इंस्ट्रक्टर विक्रम कांगड़ा के मार्गदर्शन में तैयार खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दबदबा बनाया।

अंडर-17 आयु वर्ग में योग खिलाड़ी विधि ने स्वर्ण पदक, अंडर-19 आयु वर्ग में इशिका ने स्वर्ण पदक तथा यश कुमारी ने कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रदर्शन के आधार पर तीनों खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
पदक विजेता तीनों बेटियां हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम पहुंचीं, जहां महंत बालयोगी महंत चरणदास महाराज ने उनका स्वागत किया। उन्होंने पारंपरिक रूप से हौसला बढ़ाते हुए लड्डू खिलाकर आशीर्वाद दिया। महंत चरणदास महाराज ने कहा कि बेटियों ने जो उपलब्धि हासिल की है वह भिवानी और पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हनुमान योग केंद्र केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक विकास का भी केंद्र है।

इस अवसर पर जितेंद्र शर्मा, ओमबीर कौशिक, विक्रम योगी, सुनीता, आशुतोष योगी, गौरव योगी और बाबूलाल सैनी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.