भिवानी-लोहारू हाईवे बनेगा फोरलेन: 62 किमी सड़क से सफर होगा आसान
भिवानी से लोहारू तक नेशनल हाईवे 709ई को फोरलेन करने की तैयारी शुरू। जूई, लोहानी और लोहारू में बनेंगे नए बाईपास। जानिए इस प्रोजेक्ट से जुड़ी पूरी जानकारी।
भिवानी। करीब एक दशक बाद दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई पर भिवानी से लोहारू तक सड़क को फोरलेन की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस योजना के तहत लोहानी, जूई और लोहारू में प्रस्तावित नए बाईपासों का निर्माण भी प्रक्रिया में है। बाईपास बनने के बाद भिवानी से लोहारू तक करीब 62 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन करने का प्रस्ताव है।
भिवानी से लोहारू तक हाईवे पर सात बड़े गांवों के आबादी क्षेत्र बन रहे बाधा
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई के दायरे में आने वाली यह पुरानी सड़क करीब एक दशक पहले राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित की गई थी। भिवानी से लोहारू तक यह मार्ग लोहानी, गोलागढ़, कुडलबास, जूई, ढिगावा मंडी, सिंघानी सहित करीब सात बड़े गांवों की आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है। हालांकि लोहानी, जूई और लोहारू में तीन नए बाईपास प्रस्तावित हैं जिनकी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इन बाईपासों के बनने के बाद फोरलेन पर चलने वाले वाहनों को आबादी वाले क्षेत्रों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।