करनाल: पति की दूसरी शादी देख सदमे में पत्नी, नहर के पास मिली स्कूटी

करनाल में 25 वर्षीय प्रिया नरवाल लापता। पति को दूसरी महिला के साथ देख सदमे में थी प्रिया। नहर के पास मिली स्कूटी, गोताखोर तलाश में जुटे।

करनाल: करनाल के ज्योति नगर की रहने वाली 25 वर्षीय प्रिया नरवाल के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह घोघड़ीपुर के पास पश्चिमी यमुना नहर के किनारे प्रिया की स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। परिजनों और पुलिस को आशंका है कि प्रिया ने नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली है। फिलहाल गोताखोरों की मदद से नहर में उसकी तलाश की जा रही है।

कोर्ट परिसर में खुली पति की पोल, सदमे में आई प्रिया
परिजनों के अनुसार, प्रिया ने नवंबर 2022 में शेखपुरा-मंचूरी के रहने वाले हरमिंद्र सिंह से लव मैरिज (प्रेम विवाह) की थी। हालांकि, शादी के सालभर बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके कारण प्रिया पिछले 2 साल से अपने मायके में रह रही थी। दोनों का मामला फैमिली कोर्ट में चल रहा था। 1 जुलाई को कोर्ट की तारीख पर पहुंची प्रिया ने हरमिंद्र को वहां एक अन्य महिला और बच्ची के साथ देखा। इस दृश्य को देखकर प्रिया गहरे सदमे में चली गई। परिजनों का आरोप है कि हरमिंद्र ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली है।

भाई को किया आखिरी फोन: “मैं नहर में छलांग लगाने जा रही हूँ”
3 जुलाई को प्रिया घर से दवाई लेने के बहाने निकली थी। इसके बाद उसने अपने छोटे भाई को फोन किया और कहा कि वह नहर में छलांग लगाने जा रही है। घबराए परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक देर हो चुकी थी। नहर किनारे केवल उसकी स्कूटी और फोन ही मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रिया के पति हरमिंद्र पर बिना तलाक दूसरी शादी करने और प्रताड़ित करने के आरोपों को लेकर पूछताछ की तैयारी चल रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.