एशियन गेम्स 2026: डोपिंग में फंसे शूटर गौरव कुमार, स्क्वॉड से बाहर

एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय निशानेबाजी में डोपिंग का बड़ा मामला। युवा शूटर गौरव कुमार का डोप टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद टीम से बाहर, पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

एशियन गेम्स में कुछ ही हफ्ते बाकी हैं और उसके लिए अलग-अलग खेलों के लिए भारतीय खिलाड़ियों का सेलेक्शन और क्वालिफिकेशन भी लगभग पूरा हो चुका है. मगर उससे पहले ही एक बार फिर डोपिंग का साया मंडराने लगा है और इसके चलते एक खिलाड़ी की छुट्टी हो गई है. ये मामला निशानेबाजी से आया है, जिसमें डोपिंग के मामले बेहद दुर्लभ रहे हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, युवा पिस्टल शूटर गौरव कुमार मसूरी को डोपिंग टेस्ट में फंस गए हैं. डोप टेस्ट में उनका सैंपल पॉजिटिव आया है, जिसके बाद उन्हें एशियन गेम्स के स्क्वॉड से हटा दिया गया है.

किस मामले में फंसे गौरव कुमार?

द ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट में ये सनसनीखेज खुलासा हुआ है. इस रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) ने उत्तर प्रदेश के बागपत से आने वाले गौरव को एडवर्स एनालिटिकल फाइंडिंग (AAF) का नोटिफिकेशन भेजा है, जिसमें उन्हें जानकारी दी गई है कि उनके टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया है. रिपोर्ट में बताया गया है कि उनका ये सैंपल अप्रैल-मई के बीच हुए एक शूटिंग टूर्नामेंट के दौरान लिया गया था, जिसकी जांच में प्रोप्रेनोलोल और इससे जुड़े 4-हायड्रॉक्सी-प्रोप्रेनोलोल पाया गया गया, जो दिल की धड़कनों को बढ़ने से रोकता है.

रिपोर्ट में बताया गया है कि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने तुरंत एक्शन लेते हुए गौरव कुमार मसूरी को जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए चुने गए शूटिंग स्क्वॉड से हटा दिया. इसके अलावा उन्हें चीन में होने वाले ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप से भी ड्रॉप कर दिया गया है. हालांकि, NADA की ओर से अभी तक गौरव पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है और उन्हें अभी भी शूटिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की इजाजत है लेकिन NRAI ने गेम्स में किसी भी तरह के खतरे की आशंका को दूर करने के लिए पहले ही एहतियातन ये कदम उठाया है.

सफाई में क्या बोले शूटर के कोच?

एशियन गेम्स में गौरव की जगह आकाश भारद्वाज हिस्सा लेंगे. गौरव इन गेम्स में 10 मीटर पिस्टल इवेंट में हिस्सा लेने वाले थे. हालांकि, इस पूरे मामले में गौरव के कोच शेखर तोमर ने साफ किया है कि उन्होंने NADA को जवाब भेज दिया है. साथ ही उन्होंने दावा किया है कि गौरव ने पहले ही अपने डोपिंग कंट्रोल फॉर्म में खुलासा किया था कि उन्होंने ‘पेनकिलर’ दवाई का इस्तेमाल किया था. उन्होंने ‘B सैंपल’ की जांच से इनकार कर दिया है और कहा है कि वो NADA के फैसले का इंतजार करेंगे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.