गुरुग्राम एनकाउंटर: पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, गैंग के 4 शूटर ढेर

गुरुग्राम के सुशांत लोक में पुलिस और दीपक नांदल गैंग के बीच हुई मुठभेड़। फायरिंग में 4 शूटर ढेर, 3 पुलिसकर्मी भी घायल। जानें पूरी खबर और अपडेट।

हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के चार शूटर ढेर हो गए. एनकाउंटर के दौरान गैंग का एक अन्य शूटर भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

सुशांत लोक इलाके में हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि दीपक नांदल गैंग के वांटेड शूटर एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर सुशांत लोक इलाके में मौजूद हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की.

कारोबारी के घर पर की थी फायरिंग

जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीमों को पुलिस कंट्रोल रूप से एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी में कुछ हथियार बंद अपराधियों के होने बारे सूचना मिली थी. क्राइम ब्रांच की टीमें जब सुशांत लोक एरिया में पहुंची तो अपराधियों ने एक व्यवसायी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग करनी शुरू कर दी गई थी. इस व्यवसाई को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर से फिरौती के लिए लगातार संदेश आ रहे थे. इसी सिलसिले में बदमाश वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे और फायरिंग कर रहे थे.

Gurugram Police Encounter

पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

जब क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को घेरने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला. दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दीपक नांदल गैंग के पांच बदमाशों को गोलियां लगीं, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया.

3 पुलिसकर्मी भी हुए घायल

मुठभेड़ के दौरान क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घायल पुलिसकर्मियों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

जांच में जुटी गुरुग्राम पुलिस

फिलहाल गुरुग्राम पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है. मौके से हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि मारे गए बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि गैंग के अन्य सदस्य इस वारदात में शामिल थे या नहीं. साथ ही, कारोबारी से फिरौती मांगने वाले पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.