गाजियाबाद: सोसाइटी की 9वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पार्टी में था शामिल

गाजियाबाद की अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में पार्टी के दौरान युवक की 9वीं मंजिल से गिरकर मौत। पुलिस मामले की जांच में जुटी, पार्टी में मौजूद दोस्तों से पूछताछ।

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में शनिवार देर रात नौवीं मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। रविवार सुबह सोसाइटी परिसर में शव पड़ा देख घटना का पता चला, जिसके बाद नंदग्राम पुलिस को सूचना दी गई। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा नशे की हालत में गिरकर मौत होना मान रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

तमिलनाडू का रहने वाला था युवक

कार्यवाहक एसीपी नंदग्राम प्रियाश्री पाल ने बताया, मृतक की पहचान चिरंजीव विहार निवासी 28 वर्षीय एंथोनी एक्रोसिया उर्फ मिकी के रूप में हुई है। वह मूलरूप से तमिलनाडु का रहने वाला था। शुरूआती जांच में सामने आया है कि वह शनिवार रात अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में रहने वाले अपने दोस्त जीजो मैथ्यू के नौवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट पर चल रही पार्टी में शामिल होने आया था।

दोस्तों के साथ कर रहा था पार्टी, सुबह मिली लाश

शनिवार देर रात तक विक्टर अपने चार-पांच दोस्तों के साथ नौवीं मंजिल स्थित फ्लैट में पार्टी कर रहा था। रविवार सुबह जब सोसाइटी के निवासी मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तो परिसर में युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई।

पार्टी में मौजूद लड़कों से पुलिस ने की पूछताछ

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी। एसीपी का कहना है कि पुलिस ने पार्टी में मौजूद चार से पांच युवकों से पूछताछ की है। शुरुआती बयान में सभी ने किसी विवाद या मारपीट से इनकार किया है। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम ने फ्लैट और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आखिर 9वीं मंजिल से कैसे गिरा?

पुलिस सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पार्टी के दौरान की गतिविधियों का क्रमवार विश्लेषण कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक बालकनी से कैसे गिरा। एसीपी का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला नशे की हालत में गिरने का प्रतीत होता है, लेकिन जांच अभी जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.