करनाल: अस्पताल में घंटों बिजली गुल, स्वास्थ्य सेवाएं ठप, मरीज परेशान

करनाल के नागरिक अस्पताल में अघोषित बिजली कट से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित। आईसीयू और प्रसूति विभाग में मरीजों को भारी परेशानी। गंभीर मरीजों को किया गया शिफ्ट।

करनाल: करनाल के नागरिक अस्पताल में रविवार देर रात कई घंटों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो गईं. अघोषित बिजली कट ने अस्पताल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू, प्रसूति कक्ष सहित सभी महत्वपूर्ण विभागों में बिजली नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालात ऐसे बन गए कि नवजात बच्चों को लेकर परिजन वार्डों के बाहर इंतजार करने को मजबूर दिखाई दिए.

प्रशासन लगातार कर रहा निगरानी: अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक गोयल ने बताया कि, “बिजली विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के लगाए गए लंबे अघोषित बिजली कट के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. सीएमओ सहित अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ट्रॉमा सेंटर, आईसीयू और अन्य सभी क्रिटिकल विभागों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. फिलहाल सभी गंभीर विभागों की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर वेंटिलेटर और अत्यधिक गंभीर मरीजों को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है.”

बिजली बहाल नहीं हुई तो निजी जनरेटर होंगे विकल्प : डॉ. दीपक गोयल ने बताया कि, “बिजली विभाग के अधिकारियों ने अगले कुछ घंटों में बिजली आपूर्ति बहाल होने का आश्वासन दिया है. इसके बावजूद यदि बिजली जल्द शुरू नहीं होती है तो अस्पताल प्रशासन निजी जनरेटर की व्यवस्था करेगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी रुकावट के जारी रखी जा सकें.”

बिजली विभाग की चुप्पी ने बढ़ाई चिंता : वहीं, बिजली विभाग की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इतना लंबा बिजली कट किस कारण लगाया गया. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई पूर्व सूचना भी नहीं दी गई थी, जिससे वैकल्पिक व्यवस्थाएं समय रहते नहीं की जा सकीं.

प्रसूति वार्ड में सबसे अधिक परेशानी: अस्पताल के प्रसूति विभाग में भर्ती महिलाओं के परिजनों ने बताया कि, “कई घंटों से बिजली नहीं होने के कारण भीषण गर्मी में मरीजों की हालत खराब हो रही है. वार्ड के अंदर नवजात बच्चे हैं और प्रसव के बाद भर्ती महिलाएं बाहर भी नहीं आ सकतीं.” एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि, “मेरी गर्भवती बहू का ऑपरेशन होना था, लेकिन बिजली नहीं होने के कारण ऑपरेशन प्रभावित हो गया. अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इतनी लंबी बिजली कटौती बेहद चिंताजनक है.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.