E20 ईंधन विवाद: केजरीवाल ने पेट्रोल पंप पर लोगों से जाना उनका हाल
E20 ईंधन के कारण माइलेज में कमी और खराब होती गाड़ियों को लेकर अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल पंप पर जनता से की सीधी बात। कंपनियों से मांगा लिखित आश्वासन।
E20 ईंधन को लेकर अरविंद केजरीवाल लगातार सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इसी क्रम में केजरीवाल लोगों से बातचीत करने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंच गए। जहां, उन्होंने जनता से E20 पर सवाल किए। जानिए अपनी गाड़ी में पेट्रोल भराने आए लोगों ने उन्हें क्या-क्या समस्या गिना दीं। इससे पहले अरविंद केजरीवाल गाड़ी बनाने वाली कंपनियों से लिखित में आश्वासन मांग चुके हैं। साथ ही पीएम मोदी से E20 को वैकल्पिक बनाने की भी मांग की है।
पेट्रोल पंप पहुंचकर केजरीवाल ने किए सवाल
आम आदमी पार्टी के एक्स अकाउंट द्वारा ये वीडियो शेयर किया गया है। जिसमें, अरविंद केजरीवाल एक पंप पर दिखाई देते हैं। वहां मौजूद कार सवार शख्स को रोककर पूछते हैं- कैसे हैं आप? पेट्रोल भरवाने आए हैं? इस पर कार सवार कहता है- हां जी। E20 का कैसा एक्सपीरियंस है?
3 बार गाड़ी खराब हो चुकी, माइलेज 16 से 5 आ गया
E20 के एक्सपीरियंस पर कार सवार ने कहा- “करीब दो महीने के अंदर तीन बार गाड़ी खराब हो चुकी है। एक बार फ्यूल पंप भी चेंज करवा चुका हूं। अभी दोबारा फिर… क्या करें, यही मिल रहा है, तो यही डलवाना पड़ रहा है।” माइलेज के सवाल पर कहा- “माइलेज कुछ नहीं है। पहले सिटी के अंदर चलाते थे, तो 15 तक दे देती थी, लेकिन अब कुछ भी नहीं आता है। 7 या 8 या 5 आता है।”
2023 से पहले की गाड़ियों में E20 नहीं चलता, केजरीवाल
जब केजरीवाल ने पूछा- ये कितने साल पुरानी गाड़ी है? इस पर कार सवार ने कहा- “ये मेरी सात साल पुरानी कार है।” इस पर केजरीवाल ने दोहराते हुए कहा- “इसका मतलब 2023 से पहले की है। लोग भी यही कह रहे हैं कि 2023 से पहले की गाड़ियों में E20 नहीं चलता है।” इस पर कार सवार ने कहा- “हां जी, मेरी बाइक के साथ भी ऐसा ही हो रहा है।”
गाड़ी कंपनियों से लिखित आश्वासन मांग चुके हैं केजरीवाल
E20 ईंधन को लेकर अरविंद केजरीवाल पहले भी केंद्र सरकार और गाड़ी बनाने वाली कंपनियों पर सवाल उठा चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि वह देश की प्रमुख वाहन कंपनियों- मारुति सुजुकी, टोयोटा किर्लोस्कर और हीरो मोटोकॉर्प को पत्र लिखकर लिखित आश्वासन मांगेंगे कि E20 ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन को कोई नुकसान नहीं होगा और माइलेज में भी कमी नहीं आएगी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि यदि E20 के कारण किसी वाहन का माइलेज घटता है या उसके पुर्जे खराब होते हैं, तो क्या कंपनियां ग्राहकों को इसकी भरपाई करेंगी।
PM मोदी को भी लिखेंगे पत्र, E20 को वैकल्पिक बनाने की मांग
केजरीवाल ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखकर E20 ईंधन को लेकर लोगों की चिंताओं से अवगत कराएंगे। उनका कहना था कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन का इस्तेमाल अनिवार्य नहीं बल्कि वैकल्पिक होना चाहिए, ताकि वाहन मालिक अपनी जरूरत और वाहन की क्षमता के अनुसार ईंधन का चुनाव कर सकें। हालांकि, केजरीवाल के इन आरोपों पर उस समय संबंधित वाहन कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।