Greater Noida News: 12वीं के JEE छात्र ने की खुदकुशी, घटना से पहले ChatGPT और गूगल पर किया था सर्च
ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा में 12वीं के छात्र और JEE एस्पिरेंट ने डिप्रेशन में आत्महत्या कर ली। घटना से पहले छात्र ने गूगल और ChatGPT पर सर्च किया था।
ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा में रहने वाले 12वीं क्लास के एक छात्र ने बुधवार की रात गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्र ने मानसिक अवसाद में यह कदम उठाया। उसने आत्महत्या से पहले चैट जीपीटी और गूगल पर भी आत्महत्या को लेकर सर्च किया था।
पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय गौरव पटेल कुलेसरा स्थित अक्षरधाम कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था। वह एक स्कूल में 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। इसके साथ जेईई की कोचिंग ले रहा था। गौरव ने बुधवार की रात अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, छात्र पिछले कुछ दिन से मानसिक अवसाद में चल रहा था। छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला। पुलिस छानबीन में जुटी है।
पुलिस ने छात्र के मोबाइल और लैपटॉप से गूगल और चैट जीपीटी की हिस्ट्री चेक की। जांच के दौरान मोबाइल की सर्च हिस्ट्री में पता चला कि छात्र ने घटना से पहले चैट जीपीटी और गूगल पर आत्महत्या से जुड़े तरीकों की जानकारी तलाश की थी।
डायरी में भावुक संदेश लिखा
छात्र की डायरी में भी कुछ ऐसे भावुक संदेश और व्यक्तिगत विचार लिखे मिले हैं, जिनसे यह संकेत मिलता है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था। प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला मानसिक अवसाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव का पंचानामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों के संबंध में स्पष्ट निष्कर्ष सामने आ सकेगा।
सोशल मीडिया से बना रखी थी दूरी
पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि गौरव स्कूल और फिर कोचिंग जाता था। पढ़ाई के अलावा उसका किसी से कोई मतलब नहीं था। सोशल मीडिया पर भी उसका किसी से कोई वास्ता नहीं था। छात्र का मकसद सिर्फ पढ़ाई करना था। छात्र पिछले कुछ दिन से मानसिक अवसाद में था। पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
मानसिक दबाव में होने की जांच हो रही
पुलिस के अनुसार छात्र मूलरूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला था और परिवार के साथ कुलेसरा में रह रहा था। पुलिस ने छात्र के मोबाइल फोन और अन्य व्यक्तिगत सामान की भी जांच शुरू की है। पुलिस परिजनों और छात्र के परिचितों से पूछताछ कर रही है। जिससे यह स्पष्ट हो सके कि वह किन परिस्थितियों में मानसिक दबाव में था।