चरखी दादरी में पुलिस थाने के सामने हुई गैंगवार में घायल कीर्तिमान की मौत, 30 राउंड चली थीं गोलियां
चरखी दादरी में सिटी थाने के सामने हुई गैंगवार में घायल हिसार निवासी कीर्तिमान की मेदांता अस्पताल में मौत हो गई। हमले में करीब 30 राउंड गोलियां चली थीं।
चरखी दादरी : हरियाणा के चरखी दादरी शहर में गुरुवार को सिटी थाना पुलिस के सामने दो पक्षों के बीच गैंगवार में अंधाधुंध गोलियां चली थीं। इस फायरिंग में हिसार निवासी कीर्तिमान घायल हो गया था। अब कीर्तिमान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कीर्तिमान को देर रात मृत घोषित कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 6 अगस्त को कीर्तिमान अपने 6 साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में कोर्ट में आया था। इसी दौरान सिटी पुलिस थाने के सामने 3 शूटरों ने गाड़ी सवार सभी 7 युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में कीर्तिमान के पैर और गर्दन पर 3 गोलियां लगी थीं।
गंभीर हालत में उसे पहले रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत नाजुक होने पर वहां से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कीर्तिमान पर 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं फायरिंग में घायल अन्य युवकों में से 4 की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वे वेंटिलेटर पर हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।
क्या है मामला
बता दें कि 6 अगस्त को कोर्ट से तारीख भुगतकर लौट रहे युवकों की गाड़ी थाने के सामने रोककर करीब आधा दर्जन हमलावरों ने ताबड़तोड़ लगभग 30 राउंड फायरिंग कर दी थी। इस गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस थाने के सामने हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए
घायलों में 2 युवकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक PGI रेफर किया गया था। वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी। घटनास्थल के दोनों ओर सड़क को ब्लॉक कर दिया गया, जबकि आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थी।