नशे के लिए 20 रुपये न देने पर दोस्त का मर्डर, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

शालीमार गार्डन क्षेत्र में महज 20 रुपये के विवाद में समीर ने दोस्त मुश्ताक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने एनकाउंटर के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।

गाजियाबाद में एक शख्स ने बुधवार को अपने दोस्त की महज 20 रुपये के लिए कथित तौर पर चाकू गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया मगर बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।

मामला विक्रम एनक्लेव क्षेत्र में बंगाली कॉलोनी का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम समीर है और उसकी उम्र 23 साल है। एकनाउंटर के दौरान उसके पैर पर गोली लगी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। समीर ने मुश्ताक (23) पर चाकू से हमला किया था जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध लगा

पुलिस के मुताबिक, समीर चाकूबाजी की इस घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने इसके बाद हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। इंडिया टुडे के मुताबिक, हत्या के एक दिन बाद पुलिस की एक टीम जब वाहनों की चेकिंग कर रही थी तो मोटरसाइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा जिसके बाद उसे इशारा देकर रोकने के लिए कहा गया हालांकि वह मोटरसाइकिल की स्पीड बढ़ाते हुए वहां से निकल गया। पुलिस उसका पीछे करने लगी और आरोपी की मोटरसाइकिल एक गली में कचरे के ढेर से जा टकराई।

पुलिस का दावा- आरोपी ने पहले चलाई गोली

अधिकारियों का दावा है कि मोटरसाइकिल गिरने के बाद आरोपी ने गोली चलाई। इसके बाद पुलिस को खुद के बचाव में गोली चलानी पड़ी और इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर पर जा लगी। इसके बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसकी पहचान मुश्ताक के हत्या के आरोपी के तौर पर की गई। उसके पास से एक चाकू और अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक इस्तेमाल किया हुआ कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि समीर पर गाजियाबाद में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में भी जुट गई है।

असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस ने क्या बताया?

वहीं मामले पर असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को पीआरवी के जरिए थाना शालीमार गार्डन को एक सूचना मिली थी कि विक्रम एनक्लेव क्षेत्र में बंगाली कॉलोनी में चाकू बाजी हुई है। घटना का संज्ञान लेते हुए तुरंत मौके पर पुलिस पहुंची। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि समीर उर्फ गट्टू पुत्र एहसान निवासी बंगाली कॉलोनी, सीमापुरी थाना क्षेत्र, दिल्ली का रहने वाला है। जो नशे का आदी था, वह दोस्त मुश्ताक के पास आया था। नशे के दौरान उससे उसने और नशा करने के लिए 20 रुपये की मांग की, मगर दोस्त ने देने से इनकार कर दिया। दोनों में इस बात को लेकर कहासुनी हुई। कहासुनी के दौरान उसने चाकू से हमला कर दिया। बचने की कोशिश में वह घर के अंदर चला गया, जहां पर दूसरा वार कर दिया। इसके बाद पीड़ित को आसपास मौजूद लोग राजीव गांधी हॉस्पिटल ले गए। ईलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।’

Leave A Reply

Your email address will not be published.