Ghaziabad News: लोनी में 25 अवैध फैक्ट्रियों पर चला प्रशासन का चाबुक, बिजली कनेक्शन काटकर की गईं सील

लोनी में वायु और ध्वनि प्रदूषण फैला रही 25 अवैध फैक्ट्रियों को प्रशासन की संयुक्त टीम ने सील किया। बिजली कनेक्शन काटे गए।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी में मंगलवार को प्रशासन ने विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम बनाकर 25 अवैध फैक्ट्रियों को सील कर दिया। अवैध रूप से चलाई जा रही इन फैक्ट्रियों में धातु गलाने का काम हो रहा था, जिसके चलते हवा में जहर घुल रहा था। फैक्ट्रियों को बंद करा इनका बिजली कनेक्शन भी काटा गया। इस दौरान फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप रहा और कई मौके से फरार हो गए।

उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) को शिकायतें भी मिली थीं कि अवैध फैक्ट्रियां चल रही हैं। इसके आधार पर जिलाधिकारी के आदेश के बाद संयुक्त टीमें बनाई गईं, जिनमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ यूपीपीसीबी, सीपीसीबी, विद्युत निगम, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल रहे। एसडीएम लोनी दीपक सिंघनवाल ने बताया कि सात टीम बनाई गई थीं। सभी ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। लोनी के बेहटा हाजीपुर, सेवाधाम, अमित विहार, प्रेमनगर, कृष्णा नगर, अंकित विहार और टीला शहबाजपुर में टीमों ने एक साथ दबिश दी। टीमों ने इन इलाकों में फैक्ट्रियों की जांच की। जांच के दौरान धातु गलाने वाली 25 इकाइयां अवैध रूप से चलती मिलीं। मौके पर ही इन फैक्ट्रियों में सील लगाई गई।

बार-बार कनेक्शन जोड़ने का आरोप

स्विस वायु गुणवत्ता प्रबंधन कंपनी आईक्यू एयर की साल 2025 की रिपोर्ट में लोनी का इलाका विश्व में सर्वाधिक प्रदूषित था। इस रिपोर्ट के बाद सीपीसीबी से मिले निर्देश के आधार पर यूपीपीसीबी ने कार्रवाई शुरू की। इसी साल अभी तक 550 फैक्टरियों को बंद कराया जा चुका है। ये सभी फैक्ट्रियां लोनी में ही चल रही थीं, जिनमें रंगाई या धातु गलाने का काम होता था। मगर कार्रवाई के बाद फैक्ट्रियों के दोबारा कनेक्शन जोड़ने के आरोप भी लग रहे हैं। यूपीपीसीबी को ऐसी कई शिकायतें मिलीं, जिनके आधार पर विद्युत निगम को पत्र भेजा गया था। वहीं, एसडीएम लोनी का कहना है कि 25 फैक्ट्रियों को सील कर निर्देश दिया है कि दोबारा कनेक्शन न दिए जाएं। ऐसा करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हैमर फैक्ट्री को नोटिस जारी

आरटीओ कार्यालय के पास संचालित हैमर फैक्ट्रियों ध्वनि प्रदूषण के मामले में फेल होने के बाद भी धड़ल्ले से संचालित है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जांच रिपोर्ट को जिलाधिकारी को भेजकर फैक्ट्री को नोटिस जारी कर दिया है। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित आरटीओ कार्यालय के पास किशन स्टील फैक्ट्री संचालित है। इसकी हैमर मशीन से निकलने वाली तेज आवाज और कंपन को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी। फैक्ट्री में हैमर का संचालन से कार्यालयों और औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले परेशान हैं।

ध्वनि की तीव्रता जांची गई

एआरटीओ की शिकायत पर क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से 16 जून 2026 को हैमर फैक्ट्री का निरीक्षण किया गया। इसमें आरटीओ कार्यालय परिसर में ध्वनि की तीव्रता 82 डेसिबल पाई गई, जबकि निर्धारित मानक 75 डेसिबल से अधिक नहीं होना चाहिए।

अंकित सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, ”आरटीओ कार्यालय के पास संचालित हैमर फैक्ट्री की जांच रिपोर्ट को जिलाधिकारी को भेज दिया गया है। अगर संचालक ने जल्द ही सुधार नहीं किया तो कार्रवाई की जाएगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.