पूर्व अग्निवीरों को नौकरी देने की तैयारी में हरियाणा सरकार, विभागों से मांगी आरक्षित पदों की जानकारी

हरियाणा सरकार पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में समायोजन के लिए एक्शन मोड में। विभागों से आरक्षित पदों की जानकारी तलब की गई।

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सेना से वापस लौट रहे अग्निवीरों को नौकरी देने की योजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया है. ह्यूमन रिसोर्स विभाग ने सभी विभागों से इसके लिए आरक्षित पदों की जानकारी मांगी है. इसके लिए सभी विभागों को ऑर्डर जारी किया गया है.

विभागों से मांगी गई आरक्षित पदों का जानकारी: राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों/बोर्डों/निगमों आदि में डायरेक्ट रिक्रूटमेंट कोटे के तहत उन वैकेंसी की उपलब्धता का पता लगाने का निर्णय लिया है, जिनके लिए हरियाणा लोक सेवा आयोग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से राज्य में पूर्व-अग्निवीरों की भर्ती की जानी है.

ईमेल के जरिए जानकारी उपलब्ध करने की अपील: हरियाणा सरकार के सभी प्रशासनिक सचिवों से अनुरोध किया गया है कि वो अपने नियंत्रण में आने वाले विभागों/बोर्डों/निगमों आदि के प्रमुखों को निर्देश दें कि वो पूर्व-अग्निवीर के लिए आरक्षित पदों की जानकारी नीचे दिए गए प्रोफार्मा में विशेष दूत या ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराएं.

31 जुलाई को लौटा अग्निवीरों का पहले बैच: बता दें कि सेना में चार वर्ष की सेवा करने के बाद अग्निवीरों का पहला बैच 31 जुलाई को वापस लौट आया है. अग्निपथ योजना के तहत वर्ष 2022-23 में हरियाणा के 1830 अग्निवीर भर्ती हुए थे. इनमें से 25 प्रतिशत सेना की नियमित सेवाएं देंगे, जबकि शेष 75 प्रतिशत यानी लगभग 1373 अग्निवीर वापिस लौट आए हैं.

हरियाणा सरकार ने किया है अग्निवीरों को नौकरी देने का फैसला: हरियाणा के सीएम कह चुके हैं कि अग्निवीरों के कैरियर को अच्छे अवसर देने के लिए हरियाणा सरकार ने पहले से ही सीधी भर्ती का आरक्षण का लाभ दिया है. इसके साथ ही आईआरबी, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स में अग्निविरों को 20 प्रतिशत होरिजेंटल आरक्षण देने का फैसला लिया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.