लिव-इन पार्टनर की हत्या कर झज्जर में फेंका था शव, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

पुलिस ने सिलानी गांव ड्रेन नंबर-8 के पास मिले सुशीला के शव की पहचान कर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी प्रेमी संदीप गिरफ्तार।

झज्जर : झज्जर पुलिस ने गांव सिलानी के पास ड्रेन नंबर-8 के नजदीक मिले महिला के शव से जुड़े ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है। डीसीपी धारना ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी पुलिस के अनुसार मृतका सुशीला राजस्थान की रहने वाली थी और आरोपी संदीप के साथ राजस्थान के नीमराना में रिलेशनशिप में रह रही थी।

दोनों नीमराना स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे। 30 जून को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी संदीप ने डंडे से सुशीला के सिर पर वार कर दिया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।

पुलिस जांच के मुताबिक 2 जुलाई को आरोपी महिला के शव को सदर थाना झज्जर क्षेत्र के गांव सिलानी के पास से गुजरने वाली ड्रेन नंबर-8 के नजदीक फेंककर मौके से फरार हो गया। शव मिलने के बाद झज्जर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मृतका की पहचान के प्रयास किए। कई दिनों तक पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच की। आखिरकार 24 अगस्त को मृतका की पहचान सुशीला निवासी राजस्थान के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस जांच में आरोपी संदीप तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया,जहां से उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी और डंडे को बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.