सरिया चौराहे के पास धंसी सड़क, 18 फीट गहरे गड्ढे में समाया बारिश का पानी, ट्रैफिक डायवर्ट
कानपुर के जाजमऊ में सरिया चौराहे के पास तेज बारिश के बीच सड़क धंसने से 18 फीट गहरा गड्ढा बन गया। वीआईपी रूट पर हुए इस हादसे से हड़कंप मचा।
कानपुर में तेज बारिश के बीच जाजमऊ इलाके में सड़क धंसने से हड़कंप मच गया. सरिया चौराहे के पास जाजमऊ से वीआईपी सर्किट हाउस जाने वाली सड़क अचानक धंस गई और कुछ ही देर में यहां करीब 3 मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा गड्ढा बन गया. सड़क में बने इस विशाल गड्ढे में बारिश का पानी तेजी से भरने लगा, जबकि आसपास जमा पानी भी इसी में समाने लगा. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी. करीब 11 बजे सरिया चौराहे के पास सड़क अचानक धंसने लगी. शुरुआत में सड़क का एक छोटा हिस्सा नीचे गया, लेकिन कुछ ही देर में इसका दायरा बढ़ता चला गया. सड़क धंसने के बाद करीब 3 मीटर चौड़ा और 18 फीट गहरा गड्ढा बन गया.
गड्ढा इतना गहरा था कि आसपास मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई. बारिश का पानी तेजी से इसमें गिर रहा था. आसपास की सड़कों पर जमा पानी भी बहकर इसी गड्ढे में पहुंचने लगा. मौके पर मौजूद लोगों ने इस नजारे का वीडियो बनाना शुरू कर दिया.
पहले भी बन चुका था गड्ढा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह सड़क धंसी है, वहां करीब एक महीने पहले भी छोटा गड्ढा हुआ था. लोगों के मुताबिक, उस समय संबंधित विभाग ने गड्ढे में मलबा भरवाकर सड़क को दुरुस्त कर दिया था. हालांकि, अब उसी स्थान पर सड़क का बड़ा हिस्सा धंस जाने के बाद निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर पहले बने गड्ढे की गंभीरता से जांच कराकर सड़क की मजबूती सुनिश्चित की जाती, तो शायद यह स्थिति नहीं बनती. फिलहाल इतने बड़े गड्ढे के कारण आसपास रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए सड़क पर यातायात को एक तरफ से संचालित कराया गया. अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए.
सड़क धंसने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. भारी बारिश के कारण जमीन के भीतर पानी का दबाव बढ़ने, सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने या किसी अन्य तकनीकी वजह की आशंका जताई जा रही है. वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा.
वीआईपी रूट पर सड़क धंसने से सवाल
जिस सड़क पर यह विशाल गड्ढा बना है, वह जाजमऊ से वीआईपी सर्किट हाउस की ओर जाने वाले मार्ग से जुड़ी है. ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर सड़क का इस तरह धंस जाना नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है.