रोहित गोदारा व नवीन बॉक्सर गैंग के 3 शूटर और एक वकील गिरफ्तार, भारी मात्रा में विदेशी हथियार बरामद

हरियाणा एसटीएफ ने रोहित गोदारा और नवीन बॉक्सर गैंग के 3 बदमाशों समेत दादरी के एक वकील को गिरफ्तार कर विदेशी हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

बहादुरगढ़ : हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बहादुरगढ़ यूनिट ने विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और नवीन बॉक्सर गिरोह के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। एसटीएफ ने एक गुप्त सूचना के आधार पर दादरी-भिवानी रोड पर लोहारू फीडर के पास नाकेबंदी कर ब्रेजा कार सवार तीन बदमाशों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ दबोच लिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े एक वकील को भी दादरी से गिरफ्तार किया गया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित उर्फ बिट्टू, भवानी चरखी और रितिक (निवासी पिलानी, राजस्थान) के तौर पर हुई है। एसटीएफ के डीएसपी नरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी​भवानी के खिलाफ पहले से 9 आपराधिक मुकदमे ,​अंकित उर्फ बिट्टू के खिलाफ 6 मामले और ​रितिक के खिलाफ 2 आपराधिक मामले पहले से चल रहे हैं। गिरफ्तार तीनों बदमाशों से शुरुआती पूछताछ के आधार पर एसटीएफ ने दादरी की प्रोफेसर कॉलोनी में छापेमारी कर सिद्धार्थ नाम के युवक को गिरफ्तार किया। सिद्धार्थ पेशे से वकील है और इस गिरोह के संपर्क में था। ​वकील सिद्धार्थ से 1 ‘ग्लोक’ 9 एमएम पिस्तौल और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

वहीं ब्रेजा सवार तीनो बदमाशो से 3 विदेशी पिस्तौल, 7 मैगजीन और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। एसटीएफ के डीएसपी नरेश कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये सभी आरोपी रोहित गोदारा और नवीन बॉक्सर सिंडिकेट के लिए काम करते हैं। विदेश में बैठा गैंगस्टर नवीन बॉक्सर इन आरोपियों तक आधुनिक विदेशी हथियार पहुंचा रहा था। ये आरोपी गैंग के लिए नए लड़कों को जोड़ने (रिक्रूटमेंट) और हथियार सप्लाई करने का काम संभालते थे।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियारों की यह खेप किसे डिलीवर की जानी थी और निशाने पर कौन था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.