Greater Noida Encounter News: 6 साल की मासूम से दरिंदगी और हत्या करने वाला सीरियल किलर बलराज उर्फ बल्ला एनकाउंटर में ढेर
ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी बलराज उर्फ बल्ला को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। वह सीरियल किलर था।
ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में 6 साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी के बाद उसकी हत्या करने वाला दरिंदा बलराज उर्फ बल्ला कई और बच्चियों और बच्चों के साथ ऐसा कर चुका था। वह एक सीरियल किलर था। उस पर बच्चों से दुष्कर्म और हत्या के कई मुकदमे दर्ज हैं। हल्दौनी गांव में बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया।
ईकोटेक तीन कोतवाली पुलिस ने बताया कि पीड़ित दंपती का एक बेटा और दो बेटियां हैं। इनकी सबसे छोटी बेटी घर के पास ही सरकारी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती थी। बलराज शुक्रवार को बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी।
परिजनों ने आरोपी का पता लगाकर दबोचा
बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद घर के आस-पास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालने शुरू किए। सीसीटीवी में बच्ची आरोपी बलराज के साथ जाती हुई दिखाई दी। इस बीच परिजनों ने बलराज को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बलराज से पूछताछ की तो पहले वह टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खेत में बोरी के अंदर रखा शव बरामद किया। शव मिलते ही परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस की ओर से कड़ी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए। आरोपी बलराज बच्ची के चाचा के घर में किराये पर रहता था और मजदूरी करता था।
पशुओं से भी करता था गंदा काम
बता दें कि, आरोपी बलराज ने गाजियाबाद के लोनी में भी इस तरह की वारदात को अंजाम दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी हैवान था। पशुओं के साथ भी अप्राकृतिक यौनाचार करता था।
सूरजपुर में लड़के से कुकर्म के बाद की थी हत्या
पुलिस सूत्रों और ग्रामीणों के अनुसार, बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने वाला आरोपी बलराज एक तरीके से सीरियल किलर था। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर वारदात की। उसने गाजियाबाद के लोनी में भी एक बच्ची के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या की थी। उस मामले में उसे सजा भी हुई थी। थाना सूरजपुर क्षेत्र में भी एक मासूम बच्चे के साथ कुकर्म कर हत्या कर दी थी। बच्ची के परिजनों ने बताया कि इसके ऊपर मासूम बच्चों के साथ कुकर्म करने और हत्या करने के कई मामले पूर्व में दर्ज हैं।
डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी बलराज पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हो गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है।