भंगेल फ्लाईओवर के पास जाम से सेक्टर-46 के लोग परेशान, डिवाइडर कट और ट्रैफिक लाइट की मांग

सेक्टरवासियों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि संबंधित जंक्शन पर डिवाइडर में कट देकर ट्रैफिक सिग्नल स्थापित किया जाए। उनका कहना है कि इससे संबंधित सेक्टरों की ओर जाने वाले वाहन पहले ही दाहिने मुड़ सकेंगे और सर्विस लेन तथा लेबर चौक की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव काफी कम हो सकता है।

न्यूज़ डेस्क उत्तर प्रदेश। नोएडा। राजेश शर्मा। भंगेल फ्लाईओवर शुरू होने के बाद डीएससी रोड पर उत्पन्न हो रही यातायात समस्या को लेकर सेक्टर-46 के निवासियों ने पुलिस कमिश्नर नोएडा से हस्तक्षेप की मांग की है। निवासियों ने 11 सितंबर को भेजे पत्र में सेक्टर-40, 41, 42 और 43 के जंक्शन पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए डिवाइडर में कट खोलने तथा ट्रैफिक सिग्नल लगाने का सुझाव दिया है।
निवासियों के अनुसार भंगेल फ्लाईओवर खुलने और इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास यू-टर्न बंद होने के बाद छलेरा की ओर से सेक्टर-42, 43, 45, 46 तथा आगे जाने वाले बड़ी संख्या में वाहनों को फ्लाईओवर के बराबर वाली सर्विस लेन से होते हुए लेबर चौक तक जाकर दाहिने मुड़ना पड़ रहा है।
अतिक्रमण से सर्विस लेन बनी ‘बॉटलनेक’
पत्र में कहा गया है कि फ्लाईओवर के साथ वाली सर्विस लेन पर अतिक्रमण के कारण वाहनों के निकलने के लिए मुश्किल से एक लेन की जगह बचती है। खासकर व्यस्त समय में यहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। वाहन चालकों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न होती रहती है। इसके अलावा आसपास स्थित दो पेट्रोल पंपों पर वाहनों की आवाजाही से समस्या और बढ़ने की बात कही गई है।
डिवाइडर में कट और ट्रैफिक लाइट लगाने की मांग
कैग के Retd. IA&AS अधिकारी राजीव कुमार के नेतृत्व में सेक्टरवासियों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि संबंधित जंक्शन पर डिवाइडर में कट देकर ट्रैफिक सिग्नल स्थापित किया जाए। उनका कहना है कि इससे संबंधित सेक्टरों की ओर जाने वाले वाहन पहले ही दाहिने मुड़ सकेंगे और सर्विस लेन तथा लेबर चौक की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव काफी कम हो सकता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका और रोजाना पैदा होने वाली अव्यवस्था में भी कमी आएगी।
पत्र के साथ क्षेत्र का नक्शा भी संलग्न कर प्रस्तावित जंक्शन को चिह्नित किया गया है, जबकि मांग के समर्थन में सेक्टर-46 के बड़ी संख्या में निवासियों ने हस्ताक्षर किए हैं। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से समस्या पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.