पंजाब चुनाव में बचे सिर्फ 3 महीने, नेताओं में मचेगी भगदड़!
सबसे ज्यादा चर्चा कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर, बीजेपी से नहीं हैं संतुष्ट
जगत क्रान्ति न्यूज
Punjab Politics : पंजाब विधानसभा चुनाव में अब सिर्फ 3 महीने का समय बचा है। ऐसे में राजनीतिक नेताओं की भगदड़ मचना स्वाभाविक है। टिकट की दौड़, कुर्सी की चाह और सत्ता की सुगंध – सब कुछ नेताओं को इधर से उधर भागने पर मजबूर कर रहा है।
और इस भगदड़ के बीच फिलहाल पंजाब के राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा एक ही नाम को लेकर है पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह।
कैप्टन बीजेपी से संतुष्ट नहीं
सूत्रों और कैप्टन के हालिया बयानों से साफ है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा से संतुष्ट नहीं हैं। बीजेपी में आए उन्हें पांच साल हो चुके हैं, लेकिन इन पांच सालों में न दिल्ली ने उनसे पंजाब की राजनीति पर चर्चा की, न पंजाब इकाई ने उनसे कोई सलाह ली।
कैप्टन का दर्द यही है कि पार्टी ने उन्हें किनारे लगा दिया। न कोई भूमिका, न कोई जिम्मेदारी, न कोई राजनीतिक भविष्य की तस्वीर।
पीएम मोदी से कह दी दिल की बात
कैप्टन ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात में सीधे पूछ लिया था, ‘सर, क्या आपको मेरी जरूरत है?’
उन्होंने पीएम को बताया कि बीजेपी में आए पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन पार्टी ने पंजाब की राजनीति में उनकी भागीदारी को लेकर कभी कोई पहल नहीं की। पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी इस मामले को देख रही है, लेकिन कैप्टन ने जवाब दिया कि पांच साल तक इंतजार करना काफी लंबा समय है।
मुलाकात के बाद बीजेपी के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने उन्हें फोन किया और चंडीगढ़ आकर मिलने की बात कही, लेकिन कैप्टन के मन की नाराजगी अभी तक दूर होती नहीं दिख रही।
‘बीजेपी पुराने नेताओं को ही आगे बढ़ाती है’
कैप्टन ने बीजेपी के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने पुराने नेताओं पर ज्यादा भरोसा करती है और उन्हें ही आगे बढ़ाती है। शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात का समय हासिल करना भी बेहद मुश्किल है। कई बार साल में सिर्फ एक बार ही मिलने का मौका मिल पाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह समस्या सिर्फ पंजाब की नहीं है। दूसरे राज्यों से बीजेपी में आए कांग्रेस नेताओं के साथ भी यही हो रहा है।
कांग्रेस में गुटबाजी, कैप्टन के लिए खुला मौका?
दूसरी तरफ पंजाब कांग्रेस में भी हालात ठीक नहीं हैं। कैप्टन ने खुद कहा कि चुनाव से पहले पार्टी में कई गुट बन गए हैं – प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी और परगट सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग समूह सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने कांग्रेस में ऐसा विभाजन पहले कभी नहीं देखा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस की यही गुटबाजी कैप्टन के लिए एक मौका भी हो सकती है। चुनाव से ठीक 3 महीने पहले अगर कोई बड़ा चेहरा पार्टी बदलता है, तो पूरी सियासी तस्वीर बदल सकती है।
तो क्या होगी घर वापसी?
फिलहाल कैप्टन ने घर वापसी का ऐलान नहीं किया है। लेकिन चुनाव से 3 महीने पहले उनका बीजेपी से नाराज होना, पीएम से सीधा सवाल पूछना और कांग्रेस की गुटबाजी पर बोलना – ये तीनों बातें इशारा कर रही हैं कि पंजाब की राजनीति में बड़ा खेल अभी बाकी है।
अब सबकी नजर एक ही सवाल पर है क्या कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव से पहले घर वापसी करेंगे, या बीजेपी में ही रहकर अपनी नाराजगी मनवाएंगे?
#CaptainAmarinderSingh #PunjabPolitics #GharWapsi #BJP #Congress #PMModi #Punjab #BreakingNews