CJI के गांव में गोलियों की गूंज, दहशत में पेटवाड़
रात को घर के अंदर तक घुसकर बदमाश ने चलाई गोलियां, महिलाएं-बच्चे सहमकर कमरों में दुबके, अब भी गांव में पसरा सन्नाटा
जगत क्रान्ति न्यूज
Crime News : शुक्रवार रात की वो आवाजें पेटवाड़ गांव के लोग भूल नहीं पा रहे हैं। एक के बाद एक गोलियों की आवाज… घर के अंदर चीख-पुकार… और फिर सन्नाटा।
देश के वर्तमान प्रधान न्यायाधीश का गांव कहे जाने वाले पेटवाड़ में जब बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी कारोबारी के घर पर फायरिंग की, तो पूरा गांव दहशत में आ गया। वो गांव, जहां लोग गर्व से कहते हैं कि यह CJI का गांव है, आज वही गांव डर के साए में है।
घर के अंदर तक घुसा बदमाश, महिलाओं-बच्चों में मची चीख-पुकार
शुक्रवार रात करीब सवा 9 बजे बाइक सवार एक बदमाश प्रॉपर्टी कारोबारी धर्मपाल के घर पहुंचा। उसने बाहर से धर्मपाल का नाम लेकर आवाज लगाई। उस समय धर्मपाल पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे। घर में सिर्फ महिलाएं और बच्चे थे।
जब कोई बाहर नहीं आया, तो बदमाश ने पहले मुख्य गेट पर एक गोली चलाई। गेट पर गोली लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं और बच्चे कमरों में दुबक गए। लेकिन बदमाश यहीं नहीं रुका। वह अंदर घुसा और तीन राउंड गोलियां और चला दीं। तीन गोलियां घर के अंदर खड़ी गाड़ी में लगीं।
बदमाश ने अपना चेहरा ढक रखा था। फायरिंग के बाद वह बाइक से फरार हो गया।
फायरिंग के बाद भी गांव में सन्नाटा
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन डर इतना था कि लोग देर तक घरों से बाहर नहीं निकले। धर्मपाल जब शोक जताकर घर लौटे, तो घर का हाल देखकर सन्न रह गए। गेट पर गोली का निशान, अंदर खड़ी गाड़ी में गोलियों के छेद और सहमे हुए परिवार के चेहरे।
गांव के लोगों का कहना है कि शुक्रवार रात के बाद से पेटवाड़ में दहशत का माहौल है। शाम होते ही लोग घरों में दुबक जाते हैं। बच्चे बाहर खेलने नहीं निकल रहे। महिलाओं में सबसे ज्यादा डर है।
CJI के गांव में ही नहीं बचा डर, तो कहां बचेगा?
गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पेटवाड़ में ऐसी वारदात कभी नहीं देखी। लोगों का सवाल यही है – जब देश के प्रधान न्यायाधीश के गांव में ही बदमाश बेखौफ होकर घर में घुसकर फायरिंग कर सकते हैं, तो फिर कानून का डर कहां बचा है?
यह घटना हांसी जिले में कानून-व्यवस्था की हकीकत भी बता रही है। लोगों का कहना है कि अगर CJI के गांव में ही पुलिस की पकड़ ढीली है, तो आम गांवों का क्या हाल होगा।
CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस पर टिकी नजरें
पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले ली है। लेकिन गांव के लोग अब सिर्फ फुटेज खंगालने से संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग है कि बदमाश को जल्द पकड़ा जाए, ताकि गांव में फिर से शांति लौट सके।
फिलहाल पेटवाड़ में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, लेकिन गोलियों की गूंज अभी भी लोगों के कानों में गूंज रही है।
गांव अब यही पूछ रहा है – क्या अब CJI के गांव में भी रात को चैन की नींद सोना मुश्किल हो गया है?
#Hansi #Petwar #JassiPetwar #CJI #Firing #CCTV #HaryanaPolice #LawAndOrder #HaryanaNews #BreakingNews