Chennai Expressway: एक्सप्रेस-वे बना स्टंटबाजी का ट्रैक, हवा में बाइक उड़ाते दिखे युवक; वीडियो वायरल होते ही 5 गिरफ्तार

बेंगलुरु ग्रामीण के देवनहल्ली में चेन्नई एक्सप्रेसवे पर युवकों द्वारा खतरनाक बाइक स्टंट का मामला सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 7 बाइक जब्त की है.

बेंगलुरू ग्रामीण के देवनहल्ली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. रमजान के महीने में एक तरफ लोग इबादत में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ युवकों की लापरवाही ने कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बेंगलुरु ग्रामीण जिले के होसकोटे क्षेत्र में चेन्नई एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

जानकारी के मुताबिक, तड़के कुछ युवक लंबी ड्राइव के बहाने हाईवे पर पहुंचे और बीच सड़क पर बाइकों को ग्रुप में खड़ा कर स्टंट करने लगे. इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक की परवाह किए बिना दोनों ओर से तेज रफ्तार में खतरनाक स्टंट किए. ऑटो, आरएक्स और डियो जैसी बाइकों पर किए गए इन स्टंट्स ने न केवल अन्य वाहन चालकों को डराया, बल्कि उनकी जान को भी जोखिम में डाल दिया.

सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो

युवकों ने अपने इन खतरनाक स्टंट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई.

गिरफ्तार किए गए 5 आरोपी

सूचना मिलने पर होसकोटे ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही कई आरोपी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने मौके से 7 बाइक और 2 कारें जब्त की हैं. इसके साथ ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है. इस संबंध में होसकोटे ट्रैफिक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना ही वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.