हुस्न का जाल या सोची-समझी साजिश? रोहतक में 4 की मौत के पीछे हनीट्रैप का शक, सन्नी बचा – युवती फरार

इंस्टाग्राम की दोस्ती से मिलन ढाबे तक - पुलिस को शक, लोकेशन किसी अपने ने ही दी, काली स्कॉर्पियो से भागी युवती

जगत क्रान्ति न्यूज

Crime Investigation : रोहतक का मिलन ढाबा उस रात सिर्फ ढाबा नहीं था, पुलिस के शक के मुताबिक वो एक जाल था। दावा है कि पहले इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई, फिर 2 महीने में भरोसा जीता गया, फिर सन्नी रिटौलिया को कॉफी के बहाने ढाबे पर बुलाया गया – और फिर 5 हमलावरों ने 60-70 गोलियां चला दीं। 4 युवक मारे गए, सन्नी पिछले दरवाजे से भागकर बच गया। और जिस युवती पर मुखबिरी का शक है, वो कथित तौर पर अपनी पहले से खड़ी काली स्कॉर्पियो से फरार हो गई। इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा शामली की जाह्नवी नाम की युवती की है।

क्या हुआ उस रात?

सूत्रों के अनुसार, सन्नी रिटौलिया अपने साथियों के साथ मिलन ढाबे पर था। इसी दौरान 5 हथियारबंद हमलावर ढाबे के अंदर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, 60-70 राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है।

गोलियां चलते ही सन्नी कथित तौर पर सीढ़ियों के पास पिछले दरवाजे से ढाबे के पीछे बने लॉन की ओर भागा। वहां से खेतों की ओर निकल गया। हमलावरों के चले जाने का भरोसा होने पर वह लौटा और अपनी स्कॉर्पियो ले गया।

इस फायरिंग में सन्नी गैंग के तीन साथी विनीत उर्फ विन्नी, रिंकू और यश उर्फ गज्जू मारे गए। चौथा मृतक बेरी गांव का हिमांशु बताया जा रहा है।

सूत्रों का दावा है कि हमलावरों ने कथित तौर पर हिमांशु को गलती से निशाना समझ लिया, क्योंकि उसने सफेद शर्ट पहनी हुई थी। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।

काली स्कॉर्पियो वाली युवती पर शक क्यों?

पुलिस की जांच अब शामली की बताई जा रही एक युवती पर केंद्रित हो गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती अक्सर काले रंग की स्कॉर्पियो में सन्नी के साथ घूमती देखी गई थी। करीब दो महीने पहले इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई थी। इसके बाद वह दिल्ली बाईपास में किराये के फ्लैट में रहने आ गई। उस इलाके में दो कमरों वाले फ्लैट का किराया 12,000 से 15,000 रुपये तक बताया जाता है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि स्कॉर्पियो, फ्लैट और खाने-पीने का खर्च कौन उठा रहा था। सन्नी को शक है कि यह खर्च विरोधी गुट उठा रहा था।

सन्नी की कार से आई, अपनी कार से भागी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती ढाबे पर सन्नी की बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो से पहुंची थी, लेकिन भागी अपनी पहले से खड़ी की हुई काले रंग की स्कॉर्पियो से।

सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में युवती के अपनी स्कॉर्पियो से भागने की पुष्टि हुई है।

शक है कि उसी ने ढाबे में मौजूद लोगों के फोटो और मैसेज विरोधी गुट तक पहुंचाए थे। सूत्रों का दावा है कि सीसीटीवी में वारदात के बाद शूटर फोन से फोटो का मिलान करते नजर आ रहे हैं। पुलिस इस फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है।

सूत्रों का यह भी दावा है कि वारदात के बाद युवती दिल्ली एयरपोर्ट से विदेश चली गई। पुलिस ने अभी तक इसके विदेश जाने और उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

7 साल पुरानी दुश्मनी का एंगल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह वारदात दो गुटों के बीच करीब 7 साल पुरानी दुश्मनी से जुड़ी हो सकती है। साजिश विदेश में बैठकर रचे जाने की भी बात सामने आ रही है।

इसमें हिमांशु भाऊ गैंग और रवि राठी गैंग का नाम सूत्रों के हवाले से सामने आ रहा है। पुलिस ने अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

क्या गैंगवार में अब भरोसा ही हथियार बन गया है?

जांच एजेंसियों के पुराने रिकॉर्ड बताते हैं कि अब गैंगवार में सीधी टक्कर से ज्यादा रेकी और लोकेशन का खेल चल रहा है।

सिद्धू मूसेवाला केस (2022) : जांच में सामने आया था कि हत्या से पहले शूटरों ने रेकी की थी और आखिरी लोकेशन का इंतजार किया था।

संदीप गडोली केस (2016) : इस केस में भी आरोप लगा था कि एक महिला मित्र के जरिए लोकेशन लीक हुई थी। आरोपी महिला ने खुद को निर्दोष बताया था।

सपना दीदी केस (1990 का दशक) : पत्रकार हुसैन जैदी की किताब के अनुसार, इस केस में बदला लेने के लिए अंडरवर्ल्ड में घुसपैठ की गई थी।

इन तीनों केस में एक ही पैटर्न दिखता है – पहले दोस्ती, फिर भरोसा, फिर रेकी, फिर आखिरी मिनट पर लोकेशन, और फिर गायब होना। रोहतक केस में भी पुलिस को यही पैटर्न दिख रहा है, लेकिन अभी यह सिर्फ जांच का एंगल है।

पुलिस के सामने 3 बड़े सवाल

लोकेशन किसने लीक की – किसी करीबी ने, विरोधी गुट ने या किसी तीसरे हैंडलर ने?

वारदात के बाद युवती कहां गई? क्या उसे पहले से विदेश जाने में मदद मिली थी?

हमलावरों की पहचान के दावे के बावजूद गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?

रोहतक पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। अभी किसी को दोषी ठहराना जल्दबाजी होगी। पुलिस सीसीटीवी, कॉल डिटेल और लोकेशन डेटा खंगाल रही है।

 

#HoneyTrap #Rohtak #RohtakFiring #MilanDhaba #HaryanaCrime #Gangwar #InstagramTrap #RohtakNews #HaryanaNews #BreakingNews

Leave A Reply

Your email address will not be published.