AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का अनोखा अंदाज, कानपुर रैली में लोगों को पढ़ाया मोहब्बत का पाठ
कानपुर रैली में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नया रूप आया सामने। चुनावी मंच से लोगों को पढ़ाया मोहब्बत का पाठ।
ऑल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी वैसे तो अपने भाषणों में तीखे कटाक्ष के लिए जाने और पहचाने जाते हैं, लेकिन अब उनका एक नया रूप सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इसमें वह लव गुरू की भूमिका में नजर आ रहे हैं. चुनावी सभा के दौरान वह लोगों को मोहब्बत का पाठ पढ़ा रहे हैं. कानपुर में आयोजित उनकी एक रैली में दिए भाषण का अंश सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उनकी पार्टी ऑल इंडिया इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की ओर से आयोजित इस चुनावी रैली में ओवैसी लोगों को समझाते हुए मियां-बीवी के रिश्ते का महत्व समझा रहे हैं. इसमें वह कह रहे हैं कि दोनों के बीच मोहब्बत कायम रहना चाहिए. उन्होंने समर्थकों से हामी भरवाते हुए कहा कि बीवी के सामने प्यार का इजहार करने में संकोच ना करें. एक या दो बार नहीं, सुबह या शाम नहीं, जब मौका मिले बीवी के सामने प्यार का इजहार करें.
सोने से पहले तो जरूर बोलें I Love You
ओवैसी ने कहा कि अभी हाल ही में उन्होंने भोपाल में यह बात कही थी, अब वह फिर दोहरा रहे हैं कि अपनी बीवी को अपनी मोहब्बत का एहसास जरूर कराएं. खासतौर पर सोने से पहले बीवी को I Love You बोलें. इस बात पर उन्होंने समर्थकों से हामी भी भरवाई. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का यह रूप सार्वजनिक मंच पर कभी कभार ही नजर आता है. अब तक उन्हें कटाक्ष के लिए जाना और पहचाना जाता था. लेकिन जब वह चुनावी मंच से मोहब्बत का पाठ पढ़ाते नजर आए तो लोग भी हैरान रह गए.
लगवाए I Love मोहम्मद के नारे
अपने भाषण के आखिर में एआईएमआईएम प्रमुख ने समर्थकों से I Love मोहम्मद के नारे भी लगवाए. उनके भाषण का यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है. बड़ी संख्या में लोग उनके इस भाषण की जी भरकर सराहना कर रहे हैं. बता दें कि ओवैसी इस समय यूपी में अपनी चुनावी जमीन तैयार करने में जुटे हैं. इसी क्रम में रविवार को वह कानपुर पहुंचे थे. जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया.