Barabanki Accident: बाराबंकी में बिजली कटौती के कारण बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ा डंपर, 4 की मौत

यूपी के बाराबंकी में बिजली कटौती के कारण घर के बाहर सो रहे परिवार पर डंपर पलटा। पिता और 3 मासूम बच्चों की मौत, मां लखनऊ रेफर।

यूपी के बाराबंकी जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण घर के बाहर सो रहे एक परिवार पर तेज रफ्तार डंपर मौत बनकर टूट पड़ा. हादसे में पिता और उसके तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.

हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग स्थित झांसा गांव में हुआ. बताया जा रहा है कि गांव निवासी 35 वर्षीय नीरज अपने परिवार के साथ घर के बाहर सो रहा था. इलाके में लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण परिवार खुले में सोने को मजबूर था. देर रात अचानक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंच गया. पहले उसने एक पेड़ को जोरदार टक्कर मारी और फिर सीधे सो रहे परिवार पर चढ़ गया.

मौके पर ही 2 की हो गई मौत

हादसा इतना भयावह था कि नीरज और उसके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय अंशिका और 6 वर्षीय आंशू को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने भी दम तोड़ दिया. हादसे में नीरज की पत्नी 35 वर्षीय आरती गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

ड्राइवर का काम करता था नीरज

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक नीरज किराये पर मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. परिवार आर्थिक रूप से साधारण था और गर्मी के कारण रोज की तरह घर के बाहर ही सोया हुआ था. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह रात उनके लिए आखिरी साबित होगी.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया. पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अगर बिजली व्यवस्था ठीक होती तो शायद यह परिवार आज जिंदा होता.

Leave A Reply

Your email address will not be published.