Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी के बाद झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को अचानक बदला मौसम। आंधी के बाद फरीदाबाद और बदरपुर में तेज बारिश, मौसम वैज्ञानिकों ने 28 मई तक जताया लू का अनुमान।
दिल्ली-NCR में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. सुबह में आसमान में काले बादल छा गए और धूल भरी आंधी चलने लगी. कुछ ही देर में मौसम पूरी तरह बदल गया और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई. बदरपुर, तुगलकाबाद और फरीदाबाद समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई. बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली.
28 मई तक लू जैसी स्थिति रहने का अनुमान
बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन मौसम विभाग ने अब भी 28 मई तक लू जैसी स्थिति रहने की आशंका जताई है. इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली समेत पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बने रहे. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा. हालांकि यह पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री कम था. वहीं न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा रहा.
आईएमडी ने शनिवार के लिए अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है. विभाग ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी भी जारी की है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और बादलों की गतिविधियां फिलहाल अस्थायी राहत ही देंगी.
क्या बोले मौसम वैज्ञानिक?
मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि बीते कुछ दिनों से राजस्थान और थार मरुस्थल की तरफ से गर्म और शुष्क हवाएं चल रही थीं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ा. हालांकि अब हवा की दिशा में बदलाव आया है, जिसके कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई. उन्होंने कहा कि पंजाब-हरियाणा क्षेत्र पर बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
महेश पलावत ने आशंका जताई कि अगले कुछ दिनों में तापमान फिर बढ़ सकता है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. साथ ही हवाओं का रुख दोबारा थार मरुस्थल की ओर होने से लू की स्थिति फिर बनने की संभावना है.