Bhiwani Mandi: भिवानी मंडी में गेहूं की बंपर आवक, अब तक 7500 MT की सरकारी खरीद

भिवानी की 12 मंडियों में गेहूं की आवक तेज। अब तक 7500 मीट्रिक टन गेहूं की सरकारी खरीद और 2100 MT का उठान पूरा। किसानों के लिए नमी और खरीद की ताजा रिपोर्ट।

भिवानी। जिला मुख्यालय की मंडी में अब तक करीब डेढ़ लाख गेहूं कट्टों यानी 7500 मीट्रिक टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है जबकि 42 हजार कट्टों यानी 2100 मीट्रिक टन गेहूं की उठान हो चुकी है। मंडी में आवक बढ़ने के साथ ही खरीद और उठान की प्रक्रिया भी तेज हो गई है।

बुधवार को मंडी में करीब 400 किसानों के 20,000 क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज की गई। जिला मुख्यालय की मंडी के साथ चारा और कॉटन मंडी में भी गेहूं की आवक तेज हो गई है। जिले की 12 मंडियों में किसान अपनी फसल लेकर पहुंच रहे हैं। बुधवार को सर्वर भी सुचारु रूप से चला हालांकि सुबह मंडी गेट पर किसानों के वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

मौसम में गर्मी बढ़ने के साथ गेहूं की नमी कम हो रही है जिससे आवक और खरीद दोनों में तेजी आई है। बुधवार को भी मंडी में सरकारी खरीद कराई गई और उठान नियमित रूप से जारी रही। अधिक आवक के चलते मंडी में गेहूं की ऊंची ढेरियां लगाई जा रही हैं। जगह की कमी के चलते इन ढेरियों को व्यवस्थित किया जा रहा है ताकि नई आवक वाले किसान अपना गेहूं उतार सकें।

मंडी में मजदूरों की चहल-पहल भी बढ़ गई है और दिन-रात काम चल रहा है। दिन में जहां सरकारी खरीद हो रही है वहीं रात के समय कट्टों की भराई का कार्य किया जा रहा है। भिवानी मंडी से रोजाना करीब पांच हजार कट्टों की उठान कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र की मंडियों में भी गेहूं की आवक बढ़ने से खरीद नियमित रूप से कराई जा रही है। मंडियों से खरीदा गया गेहूं खुले भंडारण में लगाया जा रहा है।

भिवानी मंडी में अब तक 7500 मीट्रिक टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है। गेहूं में अब नमी बहुत कम आ रही है जिसकी वजह से अधिकांश किसानों का गेहूं खरीदा जा रहा है। जिन किसानों की ढेरियों में नमी पाई गई है, उन्हें भी सूखाने की हिदायतें दी गई हैं जिन्हें जल्द खरीद कराया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.