Tosham News: सीएम उड़नदस्ते का छापा, लकड़ी की 7 गाड़ियां पकड़ीं, 4 आरा मशीनें सील

तोशाम में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई। लकड़ी से भरी 7 पिकअप पर ₹3.61 लाख का जुर्माना। बिना लाइसेंस चल रही 4 आरा मशीनें मौके पर सील।

तोशाम। क्षेत्र में लकड़ी के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को जूई मार्ग पर छापा मारकर लकड़ी से भरी सात पिकअप गाड़ियों को पकड़ा। इन गाड़ियों पर वन विभाग ने 3,61,000 रुपये का जुर्माना लगाया जबकि चार बिना लाइसेंस के चल रही आरा मशीनों को मौके पर ही सील कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को शिकायत मिली थी कि तोशाम में रोजाना हरी लकड़ियां आरा मशीनों पर बेची जा रही हैं। इसके बाद संयुक्त टीम ने अभियान चलाते हुए बुधवार को कार्रवाई की और लकड़ी से भरी सात गाड़ियों को पकड़ लिया। इसके बाद संबंधित गाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया।

तोशाम में हैं 100 से ज्यादा आरा मशीन : तोशाम में जूई और सिवानी मार्ग पर करीब 100 से अधिक आरा मशीनें संचालित हैं। जूई मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में गाड़ियां राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों से लकड़ी लेकर पहुंचती हैं। यहां लकड़ी का रोजाना लाखों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। एक गाड़ी में करीब 10 से 15 हजार रुपये की लकड़ी लाई जाती है। सीएम उड़नदस्ता और वन विभाग की कार्रवाई से लकड़ी कारोबारियों में अफरातफरी मच गई। कार्रवाई की सूचना मिलते ही लकड़ी से भरी गाड़ियों को चालक छुपाते नजर आए।

वन विभाग के अनुसार किसी भी हरे पेड़ को काटने से पहले अनुमति लेना अनिवार्य होता है लेकिन तोशाम में बिकने वाली अधिकतर लकड़ी राजस्थान से लाई जाती है जिसमें अधिकांश लकड़ी बिना अनुमति के काटी गई होती है। इसके अलावा टीम ने आरा मशीनों के दस्तावेजों की भी जांच की जिसमें चार आरा मशीनें बिना लाइसेंस के संचालित मिलीं जिन्हें मौके पर ही सील कर दिया गया।

कार्रवाई में टीम के सदस्य धर्मेंद्र, राकेश, दिनेश, शक्ति सिंह के अलावा वन विभाग से बजरंग (रेंज अफसर), प्रदीप दरोगा, मुकेश दरोगा, मनोज दरोगा, अजय दरोगा, प्रवीण दरोगा, संदीप दरोगा, संदीप कुमार दरोगा और राजकुमार फॉरेस्ट गार्ड शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.