Gold Market News: शादियों में सोना न खरीदने की PM मोदी की अपील, चंडीगढ़ सर्राफा बाजार में मचा हड़कंप

पीएम मोदी की अपील के बाद चंडीगढ़ के ज्वेलरी बाजार में हलचल। शादियों में सोना खरीदने से बचने के बयान पर ग्राहक और कारोबारी असमंजस में। जानें बाजार का ताजा हाल।

चंडीगढ़: चंडीगढ़ के सर्राफा बाजार में इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है, जिसमें उन्होंने लोगों से एक साल तक शादी-ब्याह में सोना खरीदने से बचने की अपील की थी. प्रधानमंत्री ने हैदराबाद दौरे के दौरान कहा था कि देश के मुश्किल समय में जिम्मेदारी से जीना भी देशभक्ति का हिस्सा है और लोगों को जरूरत के हिसाब से खर्च करना चाहिए. इस बयान के बाद बाजार में ग्राहकों और कारोबारियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है.

दुकानदार बोले- “ग्राहक खरीदारी टाल रहे”: इस बारे में चंडीगढ़ ज्वेलरी शॉप जे जे निक्कमाल के मालिक नीरज जैन ने कहा कि, “प्रधानमंत्री के बयान के बाद लोग सोना खरीदने से पहले ज्यादा सोचने लगे हैं. ग्राहक अब पूछ रहे हैं कि फिलहाल खरीदारी करना सही रहेगा या नहीं. PM ने जो कहा होगा, वह देश की आर्थिक स्थिति को देखकर कहा होगा. लेकिन इस बयान से लोगों में डर और अनिश्चितता का माहौल जरूर बना है.”

शादी और सोने का गहरा रिश्ता: नीरज जैन ने आगे कहा कि, “भारतीय परिवारों में शादी और सोने का रिश्ता काफी पुराना और भावनात्मक है. लंबे समय तक इसका बहुत बड़ा असर शायद न दिखे, क्योंकि शादी-ब्याह में सोना खरीदना हमारी परंपरा का हिस्सा है. लेकिन फिलहाल बाजार में चर्चा और सावधानी जरूर बढ़ गई है.”

रोजगार पर भी दिखने लगा असर: पिछले आठ साल से एक ज्वेलरी शॉप में काम कर रहीं अरीबा ने बताया कि, “इस बयान का असर रोजगार पर भी पड़ने लगा है. वैसे ही शादी का सीजन खत्म होने के बाद ग्राहक कम हो जाते हैं. अब जो लोग थोड़ा-बहुत सोना खरीदने आ रहे थे, वे भी सोच में पड़ गए हैं. सोने के लगातार बढ़ते दामों से बाजार पहले ही धीमा चल रहा था, अब प्रधानमंत्री के बयान के बाद ग्राहक और सतर्क हो गए हैं.”

सर्राफा बाजार में अनिश्चितता का माहौल: व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजार की स्थिति लोगों की आर्थिक सोच और सोने की कीमतों पर निर्भर करेगी. फिलहाल सर्राफा बाजार में खरीदारी को लेकर लोगों के बीच चर्चा और इंतजार का माहौल बना हुआ है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.