Faridabad Fire: फरीदाबाद में तड़के सुबह गाड़ियों में लगी भीषण आग, 5 वाहन जलकर खाक; धमाकों से दहला इलाका
फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी में मंगलवार तड़के भीषण अग्निकांड। मैदान में खड़ी 5 गाड़ियां जलकर खाक हुईं। CNG वाहनों में धमाकों से इलाके में फैली दहशत। पुलिस जांच जारी।
फरीदाबाद: फरीदाबाद के जवाहर कॉलोनी और प्रेस कॉलोनी के बीच स्थित एक खाली मैदान में मंगलवार तड़के कई गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई. घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है. आग इतनी तेजी से फैली कि मैदान में खड़ी पांच गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
एक गाड़ी से उठे धुएं के बाद भड़की आग: प्रत्यक्षदर्शी सोनू ने बताया कि, “सबसे पहले एक गाड़ी से धुआं उठता दिखाई दिया. कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियां भी जलने लगीं. कई वाहन सीएनजी से चलने वाले थे, जिसके कारण आग ने और विकराल रूप ले लिया. आग लगने के दौरान तेज धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे आसपास रहने वाले लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए.”
दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू: घटना की सूचना मिलते ही एनआईटी फायर स्टेशन की दमकल टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत एवं बचाव कार्य लंबे समय तक चलता रहा ताकि आग आसपास के क्षेत्र में न फैल सके. आग बुझाने के दौरान पूरे इलाके में धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा.
पुलिस ने शुरू की जांच: घटना की जानकारी मिलते ही सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया. पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है.
पांच वाहन जलकर राख: गनीमत रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई. हालांकि मैदान में खड़ी पांच गाड़ियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं. फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हुए हैं.