Greater Noida Crime & Accident Update: थार चालक टक्कर मारकर हुआ फरार, पुलिस ने वाहन को लिया कब्जे में
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में बेकाबू थार ने स्कूटी को मारी टक्कर। हादसे में पति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल।
‘बेकाबू थार की टक्कर से ग्रेटर नोएडा में स्कूटी सवार की मौत।’ ताजा मामला बिसरख थाना क्षेत्र से सामने आया है। सोशल मीडिया पर तैर रहीं तस्वीरों में एक शख्स नाले में अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई देता है। दूसरी तस्वीर में सड़क किनारे टूटी-फूटी स्कूटी और थार खड़ी दिखाई देती है। अब तक की जानकारी के मुताबिक, थार सवार वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका है।इस हादसे में स्कूटी सवार महिला (मृतक की पत्नी) की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
स्कूटी सवार पति-पत्नी को थार ने मारी टक्कर
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, बिसरख थाना क्षेत्र में थार और स्कूटी के बीच टक्कर हो गयी है। स्कूटी पर 40 साल के नीरज सवार थे। वह चिपियाना, थाना बिसरख के निवासी थे। उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं। पति-पत्नी इटैड़ा गोल चक्कर होकर जा रहे थे, तभी थार और स्कूटी आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद स्कूटी सवार दंपति सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
उछलकर दूर जा गिरे थे पति-पत्नी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक थार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगने के बाद स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पति-पत्नी उछलकर दूर जा गिरे। पति का एक नाली में पड़े होने का वीडियो सामने आया है, हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। राहगीरों ने नाली में पड़े स्कूटी सवार नीरज और सड़क किनारे पड़ी उनकी पत्नी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल रहा।
इलाज के दौरान स्कूटी सवार की मौत, महिला गंभीर
हादसे की जानकारी मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक, नीरज की हालत गंभीर थी। उनके अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी को भी गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
टक्कर के बाद थार सवार फरार, तलाश जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हादसे के बाद थार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने एक्सीडेंट में शामिल थार को कब्जे में ले लिया है। वाहन के नंबर के आधार पर चालक की पहचान और तलाश की जा रही है।