Greater Noida West Metro Route: ग्रेनो वेस्ट मेट्रो रूट को जल्द मिल सकती है केंद्र की मंजूरी, जेवर एयरपोर्ट से भी जुड़ेगा मार्ग
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) जमीन विवाद खत्म करने के लिए अब छोटे प्लॉट पर ग्रुप हाउसिंग योजना लेकर आ रहा है।
गौतमबुद्ध नगर जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। यमुना सिटी में ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्टों के लिए छोटे प्लॉट पर योजना शुरू करने की तैयारी है। शहर में जमीन विवाद के चलते अभी भी काफी प्रोजेक्टों का काम अटका हुआ है। ऐसे में इस बार परियोजना में छोटे भूखंडों को शामिल कर उसे समय पर पूरा करने का फैसला लिया गया है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के एक अधिकारी ने बताया कि जल्द ही ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की योजना शुरू की जाएगी। इस बार यीडा ने बड़े भूखंडों के बजाय छोटे भूखंडों पर योजना लाने की तैयारी की है। इसका मुख्य कारण जमीनी पेंच खत्म करना है। अक्सर योजना के तहत आवंटन के बाद जमीनी विवाद बड़ी समस्या बनकर सामने आती है। प्राधिकरण क्षेत्र में ऐसी कई परियोजनाएं हैं, जो जमीनी विवाद के चलते अटकी पड़ी हैं। वर्षों के आंवटन के बाद भी बिल्डरों को जमीन पर पूरा अधिकार नहीं मिला। ऐसे मामलों को देखते हुए यीडा ने छोटे भूखंड पर ग्रुप हाउसिंग योजना शुरू करने का फैसला लिया है।
समय पर पूरे होंगे प्रोजेक्ट
अधिकारियों के मुताबिक, प्राधिकरण सिर्फ उतनी ही भूमि पर योजना लेकर आएगा, जिसका पूरा कब्जा प्राप्त होगा, ताकि बाद में परियोजना के विकास में किसी प्रकार की देरी न हो। वहीं, इसका एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि छोटी परियोजना होने से उसे समय पर पूरा होने में भी देरी नहीं होगी। वहीं, लोग समय पर फ्लैट पर कब्जा प्राप्त कर सकेंगे।
जमीन अधिग्रहण न होने से बड़ी परियोजनाएं अटक रहीं
सेक्टर-22डी में ग्रीनबे इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को वर्ष 2011 में 100 एकड़ का प्लॉट आवंटन किया गया था। जमीन का अधिग्रहण अभी भी पूरा नहीं हुआ है। लगभग एक तिहाई प्लॉट पर किसानों का कब्जा है। इसके अलावा एटीएस रियलटी प्राइवेट लिमिटेड को भी सेक्टर-22डी में वर्ष 2013 में प्लॉट आवंटित किया गया था। बिल्डर को भी लंबे समय तक पूरा कब्जा नहीं मिला। इसकी कई बार यीडा में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
आरके सिंह, सीईओ यीडा, ”जमीन विवाद को खत्म करने के लिए ग्रुप हाउसिंग की छोटे प्लॉटों पर योजना निकाली जाएगी। प्राधिकरण सिर्फ उतनी ही जमीन पर योजना लेकर आएगा, जिसका पूरा कब्जा प्राप्त होगा। इससे परियोजना समय पर शुरू होगी और बिना देरी पूरी होगी।”
मेट्रो रूट को जल्द मंजूरी की उम्मीद
ग्रेनो वेस्ट मेट्रो रूट को केंद्र सरकार से जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के स्तर से सभी प्रक्रियाएं पूरी कर केंद्र सरकार के स्तर तक पहुंचा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कैबिनेट की बैठक में कभी भी इस रूट को मंजूरी मिल सकती है। अधिकारियों ने बताया कि इस रूट से संबंधित परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) पीएमओ को भेजी जा चुकी है। यहां से मंजूरी मिलते ही परियोजना को धरातल पर उतरने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह रूट गाजियाबाद से जेवर स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तक प्रस्तावित आरआरटीएस से भी जुड़ेगा। अभी ग्रेनो वेस्ट क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन के रूप में केवल ई सिटी बस सेवा है। एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि आवश्यक एनओसी प्राप्त हो चुकी है।