Haryana Police Transfer: दुष्यंत चौटाला के निशाने पर रहे DSP कमलजीत का तबादला; अब सोनीपत में संभालेंगे कमान
Haryana News: हिसार में दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने के मामले की जांच करने वाले डीएसपी कमलजीत का सोनीपत तबादला। सीआईए स्टाफ को क्लीन चिट देने पर विवादों में रहे।
पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का हिसार में काफिला रोकने और बंदूक तानने के मामले की जांच करने वाले डीएसपी कमलजीत का सोनीपत तबादला हो गया है। उनको सोनीपत में एसीपी लगाया गया है। वह हिसार में सीआईए प्रकरण की जांच कर चुके हैं और आरोपी पुलिसकर्मियों को क्लीन चिट दे चुके हैं। इसके बाद से ही वह दुष्यंत चौटाला के निशाने पर आ गए थे।
दुष्यंत ने आरोप लगाया था कि जांच ऐसे अधिकारी को सौंपी गई है जो इस पूरे प्रकरण में शामिल था। दरअसल हिसार के जीजेयू मामले में जजपा नेताओं के घर रेड कर उनको गिरफ्तार करने की टीम में डीएसपी कमलजीत भी शामिल थे।
दुष्यंत ने आरोप लगाया था कि सीसीटीवी में सादी वर्दी में डीएसपी भी नजर आए थे। इसलिए उनको यह जांच नहीं सौंपी जानी चाहिए। वहीं डीएसपी ने इस मामले में सीआईए स्टाफ को क्लीन चिट दी थी। बता दें डीएसपी कमलजीत दिसंबर 2025 में हिसार आए थे और करीब डेढ़ साल तक हिसार में सेवाएं दीं।