IND vs AFG 1st ODI: धर्मशाला में टॉस, गिल ने चुनी गेंदबाजी, 2 का डेब्यू
भारत बनाम अफगानिस्तान पहले वनडे में शुभमन गिल ने जीता टॉस, गेंदबाजी का फैसला। गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे का इंटरनेशनल डेब्यू। जानें प्लेइंग-11 और मैच अपडेट।
मौसम की मार के बीच भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज के पहले मैच का टॉस थोड़ा देरी से ही सही लेकिन हो गया. धर्मशाला में बारिश रुकने के बाद हुए टॉस में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बाजी मारी और पहले बॉलिंग का फैसला किया. वहीं, ओवर्स में भी कटौती की गई और 25-25 ओवर का मुकाबला करवाने का फैसला लिया गया. इसी के साथ टीम इंडिया की ओर से 2 खिलाड़ियों ने डेब्यू किया.
दो नए चेहरों का इंटरनेशनल डेब्यू
इस मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के दो युवा खिलाड़ियों के लिए काफी खास पल आया. डोमेस्टिक क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे को भारतीय कैप सौंपी गई. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अफगानिस्तान के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया है. वहीं, प्लेइंग-11 में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला है. दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की जगह इस मैच में केएल राहुल को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जो चोट के चलते इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं.
बता दें, गुरनूर बराड़ पंजाब के लंबे-चौड़े तेज गेंदबाज हैं. छह फीट पांच इंच लंबे बराड़ अपनी रफ्तार, बाउंस और रिवर्स स्विंग के लिए जाने जाते हैं. गुरनूर बराड़ ने 2021 में पंजाब के लिए लिस्ट ए डेब्यू किया और अगले साल फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला. उन्होंने लिस्ट ए के 9 मैचों में 12 विकेट चटकाए हैं. दूसरी ओर, हर्ष दुबे के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी शानदार रहा था. उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए 8 मैचों में 8 विकेट लिए थे और काफी प्रभावित रहे थे. जिसके चलते उन्हें ये बड़ा मौका मिला है. उनके पास 30 लिस्ट ए मैचों का अनुभव भी है.
पहले वनडे के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा.
अफगानिस्तान की प्लेइंग 11:
इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मोहम्मद सलीम, गजनफर, जियाउर रहमान.