IPL 2026 Qualifier 1: RCB vs GT महामुकाबला, धर्मशाला में कौन मारेगा बाजी?

IPL 2026 क्वालिफायर 1 में RCB और GT की टक्कर! जानें धर्मशाला के आंकड़े, प्लेऑफ का इतिहास और वो 4 बड़ी वजहें जो इस मैच को बनाती हैं बेहद रोमांचक।

IPL 2026 के क्वालिफायर 1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला होना है. इस मुकाबले का टॉस शाम के 7 बजे होगा. जबकि, मैच की पहली गेंद शाम के साढ़े 7 बजे फेंकी जाएगी. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जाना वाला क्वालिफायर 1, आईपीएल 2026 के फाइनल के टिकट के लिहाज से बेहद अहम मैच है. इस मैच को जीतने वाली टीम को सीधे फाइनल का टिकट मिलेगा. RCB और GT दोनों ही दबंग टीमें हैं, जिन्होंने ग्रुप स्टेज पर अच्छा परफॉर्म किया है. ऐसे में इन दोनों के बीच मुकाबला रोचक होने की पूरी उम्मीद है. लेकिन, उस मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है, उन 4 वजहों ने जो दोनों टीमों, उनके आंकड़े और धर्मशाला स्टेडियम से जुड़ी हैं.

GT के लिए अंजाना मैदान

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर 1 मुकाबले को रोमांचक बनाने वाली पहली वजह है, इस मैदान का गुजरात टाइटंस के लिए अंजाना होना. साल 2022 में IPL में एंट्री लेने वाली फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस के लिए ये पहला मौका होगा, जब वो धर्मशाला में मैच खेलती दिखेगी. वहीं RCB ने यहां IPL 2026 में ही एक मुकाबला ना सिर्फ खेला है बल्कि उसे जीता भी है. उस मुकाबले में 222 रन का स्कोर कर RCB ने पंजाब किंग्स को 23 रन से हराया था.

पहली बार होंगे आमने-सामने

दूसरी वजह जिसने इस सीजन के क्वालिफायर 1 मुकाबले में दिलचस्पी जगा दी है, वो है RCB और GT का प्लेऑफ में पहली बार टकराना. अब तक 8 बार IPL की पिच पर इन दोनों टीमों का आमना सामना हो चुका है, जिसमें से दोनों टीमों ने 4-4 मैच जीते हैं. मगर एक बार भी प्लेऑफ में पहले कभी इन दोनों की टक्कर नहीं हुई.

RCB और GT का एक जैसा रिकॉर्ड

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर 1 में RCB और GT के भिड़ने से पहले इन दोनों टीमों के बीते 3 सीजन के आंकड़े पर गौर कीजिए. वो तीसरी वजह है जिसने इस मुकाबले के रोमांच को बढ़ा रखा है. साल 2023 से अब तक RCB और GT, IPL की दो सबसे सफल टीमें रही हैं. इसमें कमाल की बात ये है कि इस दौरान इन दोनों टीमों की जीत और हार का आंकड़ा भी एक सा रहा है. RCB और GT दोनों ने 34 मैच जीते हैं और 24 हारे हैं.

क्वालिफायर 1 जीतना है जरूरी

चौथी और आखिरी वजह दांव पर लगा फाइनल का टिकट तो है ही. लेकिन, उसमें भी दिलचस्प बात ये है कि अब तक 12 बार क्वालिफायर 1 का विजेता IPL चैंपियन बन चुका है, जिसमें लगातार पिछले 8 सीजन शामिल हैं. इस आंकड़े ने RCB vs GT के रोमांच को बढ़ाने का काम किया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.