Loharu News: रेलवे अंडरपास का रास्ता बंद होने से ग्रामीणों में रोष, प्रशासन से समाधान की मांग
लोहारू में भावठड़ी गांव की ओर जाने वाला पुराना रेलवे अंडरपास मार्ग बंद। हरियाणा-राजस्थान के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी। एसडीएम कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई।
लोहारू। रेलवे अंडरपास से भावठड़ी गांव की ओर जाने वाला पुराना कच्चा रास्ता बंद किए जाने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुराने रास्ते को दोबारा खोलने या स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रास्ता बंद होने से हरियाणा और राजस्थान के कई गांवों, ढाणियों और खेतों में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जयपुर रेलवे लाइन के अंडरपास के अंदर से आमजन के आवागमन के लिए वर्षों पहले रास्ता बनाया गया था। इस रास्ते का उपयोग हरियाणा और राजस्थान के गांवों के लोग लंबे समय से करते आ रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि अंडरपास के रास्ते को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा था। इसी मामले में शुक्रवार 22 मई को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए लोहारू एसडीएम कोर्ट के आदेशानुसार पुराने रास्ते को बंद कर दिया और नया रास्ता निकाला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा निकाला गया नया रास्ता सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार सही हो सकता है लेकिन पहले अंडरपास के अंदर से राजस्थान की ओर जाने वाला मार्ग निजी था जिसका वर्षों से आपसी भाईचारे और सहमति के आधार पर उपयोग किया जा रहा था। लोगों ने आरोप लगाया कि नया रास्ता व्यवहारिक रूप से उपयोगी नहीं है। उनका कहना है कि नया मार्ग न तो अंडरपास के अंदर से होकर गुजरता है और न ही राजस्थान की ओर आगे निकलने के लिए उचित व्यवस्था है। जहां रास्ता छोड़ा गया है वहां आगे रेलवे लाइन और रेलवे की भूमि होने से आवागमन बाधित हो रहा है।