Noida News: रात में कूड़ा फेंकने वालों पर कसने लगा शिकंजा, नोएडा प्राधिकरण ने तैनात किए गनमैन

नोएडा में रात 10 से सुबह 4 बजे तक सड़कों पर अवैध कूड़ा फेंकने वालों पर NGT की सख्ती के बाद नोएडा प्राधिकरण ने गनमैन और JE की टीमें तैनात की हैं। पूरी खबर पढ़ें।

नोएडा शहर में रात 10 से सुबह 4 बजे तक सड़कों पर कूड़ा डाला जा रहा है। इस मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने आपत्ति जताई। नोएडा प्राधिकरण ने इसे गंभीरता से लेते हुए शहर के मुख्य स्थानों पर गनमैन तैनात करने का निर्णय लिया है। हर वर्क सर्किल में अवर अभियंताओं की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। इस काम की देखरेख की जिम्मेदारी ओएसडी इंदु प्रकाश को सौंपी गई है।

नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने इस मामले में कार्यालय आदेश जारी कर दिया है। प्राधिकरण के ओएसडी क्रांति शेखर ने बताया कि नोएडा में रात 10 से सुबह चार बजे तक अवैध रूप से जगह-जगह खुले में कूड़ा डाला जा रहा है। यह जानकारी एनजीटी तक पहुंची और वहां से आपत्ति उठाई गई। इस मामले को सीईओ ने गंभीरता से लिया।

लोगों को सड़क पर कूड़ा डालने से रोकेगी टीम

ओएसडी ने बताया कि अवैध रूप से डाले जा रहे इस कूड़े को रोकने के लिए हर वर्क सर्किल से एक टीम तैयार की जाए। यह टीम संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण करेगी और लोगों को कूड़ा डालने से रोकेगी। इसके साथ ही संबंधित लोगों पर कार्रवाई भी की जाएगी। टीम में शामिल अवर अभियंता रोजाना की कार्रवाई के बारे में लिखित रूप से अवगत कराएंगे। ओएसडी ने बताया कि टीम में हर वर्क सर्किल की ओर से नामित अवर अभियंता की दिन वार ड्यूटी लगाई जाएगी। तीन गनमैन और प्राधिकरण में कार्यरत एनजीओ के दो सदस्य इस टीम में शामिल किए जाएंगे। ओएसडी का कहना है कि शहर को स्वच्छ रखना प्राधिकरण की प्राथमिकता में शामिल है।

यहां गंदगी फैल रही

बहलोलपुर, छिजारसी, सेक्टर-135 नंगलीवाजितपुर, सेक्टर-137 और सोरखा के पास कूड़ा फेंका जा रहा।

शहर में दस गनमैन की विशेष टीम बनाई गई

ओएसडी इंदु प्रकाश ने बताया कि प्राधिकरण के पास गार्ड के रूप में काफी गनमैन हैं। तीन गनमैन के अलावा 10 गनमैन की एक टीम अलग से तैयार की गई है। दो गाड़ियों में सवार ये गनमैन औचक निरीक्षण करेंगे। अगर इस मामले में प्राधिकरण के किसी कर्मचारी की भूमिका सामने आई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

कबाड़ी कचरा फैला रहे

अधिकारियों को जानकारी मिली है कि मुख्य स्थानों पर अधिक मात्रा में कूड़ा गिराने के पीछे कबाड़ियों का समूह है। सेक्टर-50 में दो दिन पहले से ही कूड़ा गिराते समय एक गाड़ी पकड़ी गई। इसके बाद यह जानकारी हुई।

बता दें कि, नोएडा शहर में कई जगहों पर रात के समय खुलेआम सड़कों पर कूड़ा डाला जाता है, जिससे सड़कों पर गंदगी का अंबार लग जाता है। इसी समस्या से मुक्ति पाने के लिए प्राधिकरण ने अब गनमैन तैनात करने का फैसला लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.