Weather Update: यूपी में आंधी-बारिश का तांडव, 89 की मौत; दिल्ली में 45 डिग्री वाली लू का अलर्ट जारी

यूपी में आंधी-बारिश से भारी तबाही, 89 लोगों ने गंवाई जान। दिल्ली में 18 मई से भीषण लू (Heatwave) का अलर्ट। जानें मानसून की दस्तक और अपने राज्य के मौसम का हाल।

देश भर के अलग-अलग राज्यों में इन दिनों बारिश का मौसम बना हुआ है. आंधी-बारिश ने उत्तर प्रदेश में बुधवार यानी 13 मई को तांडव मचाया. यूपी के अलग-अलग जिलों में 89 लोगों की मौत हो गई. वहीं देश की राजधानी दिल्ली में भी धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई. मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान में बादल छाए रहेंगे. दिल्ली में 18 मई को हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 14 मई से उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने वाला है. बारिश की विदाई के साथ ही तापमान में एक बार फिर उछाल दर्ज किया जाएगा, जिससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. लखनऊ में 14 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है. यहीं हाल कानपुर, आगरा, वाराणसी और बरेली का रहने वाला है.

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निचले क्षोभमंडल में यूपी के पश्चिमोत्तर भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण व दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवाओं और मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं के साथ हो रही प्रतिक्रिया के परिणामस्वरुप आंधी-बारिश हुई. आनेवाले दिनों में यूपी के अलग-अलग जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी. आज बुन्देलखण्ड क्षेत्र में तापमान 45°C तक पहुंच सकता है. यूपी के दक्षिणी भाग में दोबारा लू चलने की संभावना है.

पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम?

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 16 मई 2026 के आसपास दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं, जिससे अलग-अलग राज्यों में बारिश के आसार हैं. उत्तर भारत की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मई को हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं.

उत्तराखंड में 14 मई तक मौसम खराब बना रह सकता है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 14 मई को जबकि राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक, जबकि असम और मेघालय में 14 से 17 मई के बीच बारिश हो सकती है. कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.

बिहार, झारखंड और ओडिशा का कैसा है मौसम?

पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 मई तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 मई तक भारी बारिश हो सकती है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. बिहार और झारखंड में कुछ स्थानों पर आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में बारिश के आसार

मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 17 मई तक जबकि मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है. दक्षिण भारत में केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 17 मई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में 14 मई तक मौसम सक्रिय रहेगा. तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.