गाजियाबाद: असद के एनकाउंटर पर छात्र सूर्या की मां का बयान; बुलडोजर कार्रवाई की मांग
सूर्या हत्याकांड: मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर पर मां ने जताया संतोष। ₹5 लाख की आर्थिक सहायता और नौकरी का ऐलान। अन्य आरोपियों की तलाश में पीलीभीत में छापेमारी।
गाजियाबाद के खोड़ा में छात्र की हत्या के मुख्य आरोपी असद के मुठभेड़ में ढेर होने के बाद सूर्या की मां सरोज ने संतोष जताया। साथ ही कहा कि सात लड़कों ने मिलकर उनके बेटे को मारा है, सभी का एनकाउंटर हो और उनके घर पर बुलडोजर भी चलाया जाए। उनकी एक मांग असद की लाश देखने की भी है। बेटे की हत्या के बाद तड़प रही मां जल्द से जल्द इंसाफ देखना चाहती है।
असद की मौत को लेकर सरोज ने कहा पुलिस के भाइयों ने उन्हें न्याय दिलवाया है। इसके लिए पुलिस और मीडिया समेत सभी का धन्यवाद करती हैं। वह असद की लाश देखने की इच्छा जाहिर करते हुए कहती हैं कि शव या फोटो देखे बिना वह नहीं मानेंगी कि मुठभेड़ में असद ढेर हो गया है। उन्होंने कहा, ‘मेरे घर का चिराग बुझा दिया गया। सात लड़कों ने मेरे बेटे को मारा। किसी ने हाथ पकड़े तो किसी ने मुंह और गर्दन। फिर असद ने चाकू मारा, इसीलिए सभी का एनकाउंटर होना चाहिए। प्रशासन ने बुलडोजर चलाने की भी बात कही थी, यह कार्रवाई भी जल्द पूरी हो।’ इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जो आश्वासन उन्हें दिए गए हैं, वह कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएं।
भ्रामक वीडियो हो रहा वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें व्यक्ति कह रहा है कि एक मर्डर मार दिया है, कुछ दिन तुम्हारा भाई अंदर रहेगा। लोग आरोप लगा रहे थे कि हत्या के बाद असद ने यह वीडियो बनाकर वायरल किया। इसे लेकर लोग नाराजगी भी जता रहे हैं। वहीं, पुलिस की जांच में वीडियो घटना से जुड़ा नहीं पाया गया।
कैबिनेट मंत्री ने मदद की जानकारी दी
सूर्या के परिजनों से रविवार को कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ ने मुलाकात की। कैबिनेट मंत्री ने परिजनों को बताया कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से अनावर्तक आर्थिक सहायता के रूप में पांच लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। परिवार के एक सदस्य को नगर पालिका में नौकरी दी जाएगी। साथ ही परिवार को सुरक्षा भी मुहैया कराई जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है और आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कठोरतम सजा दिलाने की मांग
विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा भी रविवार को सूर्या के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से कहा कि समाज दुख की घड़ी में उनके साथ है। साथ ही कार्यकर्ताओं से चंदा जुटाकर मदद की बात कही। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि कठोरतम सजा दिलाई जाए, ताकि आपराधिक तत्व जान जाएं कि वे बच नहीं सकते। विश्व हिंदू परिषद के गाजियाबाद विभाग मंत्री अजय शर्मा, विभाग संगठन मंत्री साहिल वालिया, हरनंदी महानगर के अध्यक्ष बीके गुप्ता, राजेश तंवर आदि मौजूद रहे।
पीलीभीत में छापेमारी
सूर्या की हत्या के मामले में हत्यारोपियों की तलाश के लिए गाजियाबाद पुलिस ने पीलीभीत के दो मोहल्लों में छापे की कार्रवाई की। पुलिस ने दो घरों की तलाशी भी ली, हालांकि आरोपी पुलिस को नहीं मिल सके। शनिवार को गाजियाबाद पुलिस की दो टीमें पीलीभीत पहुंची। टीमों ने शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बुजकसावान और मोहल्ला खुशीमल में छापा मारा। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद में हुए घटनाक्रम में शामिल आरोपियों के पीलीभीत आने की सूचना पुलिस को मिली थी। घटनाक्रम से जुड़े दो संदिग्ध किशोर पीलीभीत के ही रहने वाले हैं। ऐसे में दोनों किशोरों की तलाश में ही पुलिस की टीम पीलीभीत आई। टीम लगभग चार से पांच घंटे तक आरोपियों की टोह लेने में जुटी रही। पुलिस के पीलीभीत आने पर मोहल्ले में हड़कंप मचा रहा।