गाजियाबाद: गौड़ बिजनेस पार्क में भीषण आग, 12 AC फटे, सोसाइटी के फ्लैट खाली कराए
गाजियाबाद के गौड़ बिजनेस पार्क में AC शॉर्ट सर्किट से लगी आग। 12 से अधिक एसी धमाके के साथ फटे। दमकल की 12 गाड़ियों ने बुझाई आग, सुरक्षित बचाए गए लोग।
गाजियाबाद में गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी से सटे गौड़ बिजनेस पार्क की इमारत में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग पहली मंजिल पर बने ऑफिस में लगे एसी से शुरू हुई और कुछ ही देर में बेसमेंट से तीसरी मंजिल तक के हिस्से को चपेट में ले लिया। आग से इमारत में लगे 12 एसी एक के बाद एक धमाके के साथ फट गए।
आग गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के फ्लैटों तक भी पहुंच गई। पुलिस ने एहतियातन छह फ्लैटों को खाली करवा दिया। दमकल की 12 गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया कि बुधवार की रात लगभग 11 बजे एक आउटलेट के एसी से चिंगारी निकलकर नीचे दूसरे आउटलेट के एसी पर गिरी थीं। इससे आग भड़क गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आग सीढ़ियों के अगले हिस्से के बीच लकड़ी के ढांचे और बिजली के तारों से जरिए ऊपर की ओर बढ़ने लगी। आग ऑफिस के सर्वर रूम तक पहुंच गई। सुरक्षाकर्मियों ने 20 से ज्यादा दमकल उपकरणों के जरिये सर्वर रूम में फैली आग को बुझा दिया।
इसके साथ ही रूम के बाहर की ओर लगी आग को भी बुझा दिया था। इस दौरान ऑफिस में लगे फायर स्प्रिंक्लर भी चालू हो गए और अंदर आग नहीं फैली। दमकल को भी सूचना दे दी गई थी। आग के चलते 12 से अधिक एसी फट गए। इनमें एक एसी फ्लैट का भी एसी शामिल है।
गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के छह फ्लैट खाली कराए गए
आग की लपटें इमारत से सटी गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के फ्लैटों तक भी पहुंच रही थीं। इसके चलते एक फ्लैट में बाहर की ओर लगा एसी फट गया। गनीमत थी कि यह फ्लैट बंद था। इमारत से सटे छह फ्लैटों में धुआं भर गया। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीमों ने सभी फ्लैटों को खाली करवा लिया था। इस दौरान सोसाइटी में अफरातफरी मची रही। लोग सहमे रहे, क्योंकि ठीक एक माह पहले इसी सोसाइटी में भीषण आग लगने से 21 फ्लैट जल गए थे। वहीं, मौके पर पहुंची दमकल की 12 गाड़ियों ने लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया।
दीवार और शटर काटने पड़े
चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि जब दमकल टीमें मौके पर पहुंची तो इमारत के बाहर की ओर आग लगी गई थी। इमारत के दरवाजे बंद थे, जिसके कारण दो जगह से दीवार को तोड़ा गया और शटर भी काटे गए। दमकल की 12 गाड़ियों ने लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया। इमारत के अंदर कोई नहीं था। आग से बिजली के तार, एसी और लकड़ी का ढांचा जल गया। बेसमेंट में बने आउटलेट में कुछ नुकसान हुआ है। अन्य ऑफिसों में आग को फैलने से रोक लिया गया। दो टीमों को इमारत में पीछे से भेजा गया था और चार टीमें सामने की ओर से आग बुझा रही थीं। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
दो और जगह लगी आग
चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि गौड़ बिजनेस पार्क में आग लगने के दौरान दो और जगह से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। भोवापुर में तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बनी दुकान में आग लगी थी और ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोग फंस गए थे। इसके अलाव वसुंधरा के आधारशिला स्कूल में बिजली पैनल में आग लग गई थी। दोनों जगह पर गौड़ बिजनेस पार्क से ही गाड़ियां भेजी गई थीं। भोवापुर में दुकान में लगी आग को कुछ देर में बुझाकर अंदर फंसे 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था।
गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के लोग दहशत में रहे
गौड़ बिजनेस पार्क से सटे गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के ई-ब्लॉक के छह फ्लैटों में रहने वाले लोग आग लगने से दहशत में आ गए थे। ई-101 में रहने वाली ऊषा नवानी ने बताया कि उनके दो बेटे इंडोनेशिया में कारोबार करते हैं। इस फ्लैट में वह और उनका घरेलू सहायक रहता है। रात में लगभग पौने 12 बजे सहायक ने उन्हें आग लगने के बारे में बताया। आग की लपटें बहुत तेज थीं और उनके फ्लैट तक पहुंच रही थीं। सहायक ने बाथरूम में पाइप लगाकर आग पर पानी डालना शुरू कर दिया था। लगभग एक घंटे तक वह पानी डालता रहा, जिससे उनके फ्लैट में आग न पहुंचे।