गाजियाबाद: राशन कार्ड के 92 हजार अपात्रों पर गाज, निरस्त होंगे कार्ड

गाजियाबाद में 92 हजार से अधिक अपात्र लोग उठा रहे सरकारी राशन का लाभ। विभाग ने आयकरदाताओं और संपन्न लोगों के राशन कार्ड निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की।

गाजियाबाद जिले में 92 हजार से अधिक अपात्र लोग नियमों का उल्लंघन कर राशन ले रहे हैं। यह खुलासा उत्तर प्रदेश सरकार से जारी आपूर्ति विभाग को मिली रिपोर्ट में हुआ है। इन लोगों में सरकारी नौकरी करने वाले, आयकर दाता, बड़े मकान और बड़े फ्लैट वाले लोग शामिल हैं। शासन स्तर से प्राप्त सूची के आधार पर अब खाद्य और रसद विभाग ऐसे लोगों के राशन कार्ड निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

जांच में खुलासा हुआ है कि जिले में आर्थिक रूप से सक्षम होने के बावजूद 92 हजार 247 अपात्र लोग सरकारी राशन का लाभ ले रहे हैं। यह सभी राशन वितरण के 18 नियमों की अनदेखी कर लगातार राशन उठा रहे हैं।

खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक राशन कार्ड धारकों की जानकारी का विभिन्न सरकारी विभागों के रिकॉर्ड से मिलान कराया गया। जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी वास्तविक आर्थिक स्थिति छिपाकर राशन कार्ड बनवा रखे हैं। कई लाभार्थी ऐसे पाए गए जो आयकर का भुगतान करते हैं, जबकि कुछ के नाम पर फ्लैट, प्लॉट या बड़े आवासीय भवन दर्ज हैं। इसके बावजूद वे सरकारी राशन प्राप्त कर रहे हैं। विभाग अब इन लोगों के राशन कार्ड को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

जांच में जुटा विभाग

जिले में लगभग चार लाख राशन कार्ड पर करीब 12 लाख लोगों को राशन का वितरण किया जा रहा। वहीं, 8500 अंत्योदय कार्ड को भी राशन का दिया जाता है। बताया जा रहा कि आपूर्ति विभाग केंद्र सरकार से जारी की गई सूची में जिन लोगों के नाम हैं,उनके राशन कार्ड की जांच करने में जुट गया है। जांच में अपात्रता की पुष्टि होती है तो उनका नाम लाभार्थी सूची से हटा दिया जाएगा।

सात जिलों की स्थिति

जनपद – अपात्रों की संख्या

गाजियाबाद – 92,227

मेरठ – 99,291

बुलंदशहर – 66,028

गौतमबुद्ध नगर – 41,772

अमरोहा – 37,376

बागपत – 35,312

हापुड़ – 26,896

सालाना लाखों कमाने वाले भी लाभ ले रहे

● पिछले छह महीने से कार्ड का प्रयोग नहीं करने वाले : 20,280

● चार पहिया वाहन स्वामी : 8486

● सालाना दो लाख से अधिक आय वाले : 7333

● डुप्लीकेट राशन कार्ड : 7517

● पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले : 834

● पिछले छह से 12 महीने में कार्ड का प्रयोग नहीं करने वाले : 642

● सालाना 25 लाख से अधिक आय वाले अपात्र : 274

● 100 वर्ष से अधिक उम्र वाले अपात्र :8

● अन्य 10 कारणों में अपात्रों की संख्या : 46,873

अमित तिवारी, जिला आपूर्ति अधिकारी, ”शासन से राशन लेने वाले अपात्र लोगों की सूची मिली है। इन सभी लोगों का सत्यापन कर जांच की जाएगी। यदि ये लोग राशन के नियमों को तोड़कर राशन ले रहे होंगे तो नियम के अनुसार उनके राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.