GDA मधुबन बापूधाम: 350 प्लॉट के लिए 42 हजार से ज्यादा आवेदन

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की मधुबन बापूधाम योजना में 350 प्लॉट के लिए 42,511 आवेदन। प्रत्येक प्लॉट पर 121 दावेदार। एकमुश्त भुगतान पर 6% तक की भारी छूट।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मधुबन बापूधाम में 350 आवासीय प्लॉटों की योजना निकाली है। इसमें 42,511 लोगों ने आवेदन किया है। ऐसे में प्रत्येक प्लॉट पर करीब 121 दावेदार हैं। जीडीए ने सभी वर्ग के लोगों के लिए अपनी जमीन अपना आसमान योजना लॉन्च की है। इसमें आवासीय भूखंड के तौर पर विभिन्न श्रेणी के 40 वर्ग मीटर से लेकर 200 वर्ग मीटर तक के विकल्प उपलब्ध हैं। यह योजना उन लोगों के लिए भी खास है, जो फ्लैट कल्चर की जगह अपनी जमीन पर घर और अपनी छत चाहते हैं।

एकमुश्त भुगतान पर 6 प्रतिशत तक की छूट

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने इन प्लॉटों के लिए 35 हजार प्रति वर्ग मीटर कीमत रखी है। सभी प्लॉटों का आवंटन ड्रॉ के माध्यम से ही किया जाएगा। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि योजना में एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक, वरिष्ठ नागरिक सहित विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षण दिया गया है। वहीं, चयनित आवंटियों को किस्तों में भुगतान की सुविधा के साथ एकमुश्त भुगतान पर चार से छह प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है।

प्लॉटों के आवेदन प्रक्रिया में लोगों के जबर्दस्त उत्साह देखते हुए जीडीए ने योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 4 जून तक बढ़ाई गई थी। अंतिम तिथि तक 42,511 लोगों के आवेदन आ चुके हैं। आवेदनों के साथ ही जीडीए को अब तक करीब 1,334.40 करोड़ की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।

बेहतर कनेक्टिविटी की मिलेगी सुविधा

मधुबन बापूधाम योजना से सभी तरफ की कनेक्टिविटी सुविधा बेहतर है। यह योजना दिल्ली मेरठ रोड से लगी हुई है। साथ ही ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे भी योजना से कुछ किलोमीटर की दूरी पर है। वहीं, हापुड़ रोड से भी योजना की कनेक्टिविटी है, जिसके जरिये यह एनएच- 9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ रही है।

इस आकार के हैं भूखंड

इस योजना में कुल 350 प्लॉट शामिल किए गए हैं। इसमें मुख्य रूप से 40 वर्ग मीटर के 76 प्लॉट, 60 वर्ग मीटर के 61 प्लॉट, 90 वर्ग मीटर के 60 प्लॉट, 112.50 वर्ग मीटर के 44 प्लॉट, 115 वर्ग मीटर के 12 प्लॉट, 120 वर्ग मीटर के 24 प्लॉट, 150 वर्ग मीटर के 49 प्लॉट, 200 वर्ग मीटर के 24 प्लॉट शामिल किए गए हैं।

प्रदीप कुमार सिंह, अपर सचिव, जीडीए, ”मधुबन बापूधाम की प्लॉट योजना में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। अंतिम तिथि तक करीब 42,511 लोगों ने आवेदन किया है। अब ड्रॉ के माध्यम से प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.