गाजियाबाद: सिद्धार्थ विहार में शोर का विरोध करने पर युवक और दोस्तों की पिटाई
सिद्धार्थ विहार में देर रात तेज गाने बजाने का विरोध करना युवक को पड़ा भारी। पड़ोसी और उसके साथियों ने घर में घुसकर की मारपीट। विजयनगर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
गाजियाबाद । विजयनगर थानाक्षेत्र के सिद्धार्थ विहार में देर रात तेज आवाज में गाने बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि आवाज कम करने के लिए कहने पर पड़ोसी और उसके साथियों ने युवक व उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिद्धार्थ विहार निवासी मोहित कुमार ने विजयनगर थाने में शिकायत देकर बताया कि पड़ोस में रहने वाला रोहित शर्मा होम स्टे संचालित करता है। आरोप है कि वहां अक्सर देर रात तक तेज आवाज में गाने बजाए जाते हैं, इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है।
मोहित का कहना है कि 25 मई की रात भी तेज आवाज में गाने बज रहे थे। इस पर उन्होंने पड़ोसी से स्पीकर की आवाज कम करने के लिए कहा। आरोप है कि इतना कहते ही आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ देर बाद आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ पहुंचा और उनके साथ-साथ उनके दोस्त प्रिंस यादव और निशांत यादव से मारपीट कर दी।