पंचकूला नगर निगम चुनाव: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नशा व हथियार बरामद
पंचकूला में नगर निगम चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट। आचार संहिता लागू होने के बाद भारी मात्रा में हेरोइन, चरस और अवैध हथियार बरामद। 287 लोग पाबंद, 335 हथियार जमा।
पंचकूला: आगामी नगर निगम चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न करवाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में जुटी हुई है. चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों, नशा तस्करों, अवैध हथियार सप्लायरों और शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस कमिश्नर कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज के निर्देश पर जिले की सभी पुलिस इकाइयों को पूरी तरह एक्टिव मोड पर रखते हुए हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखने के आदेश दिए गए थे, जिसके बाद प्रभावी कार्रवाई जारी है.
सात मामलों में आठ आरोपी गिरफ्तार:नगर निगम चुनाव के मद्देनजर जिले में 13 अप्रैल से लागू आदर्श आचार संहिता के बाद पंचकूला पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है. डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों के कब्जे से 548 ग्राम हेरोइन, 1.653 किलोग्राम चरस, 607 ग्राम अफीम और 18.605 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है.
आर्म्स एक्ट में छह गिरफ्तार: पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई और इस्तेमाल पर भी कड़ा शिकंजा कसते हुए आर्म्स एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों से आठ अवैध पिस्टल व कट्टे सहित बारह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार चुनावी माहौल को प्रभावित करने के लिए अवैध हथियारों का इस्तेमाल करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
शराब की बरामदगी: पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए चार अलग-अलग मामले दर्ज कर चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों के कब्जे से कुल 1740 अवैध बीयर की बोतलें, 140 बोतल देशी शराब और 352 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. वहीं, डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि, “चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंचकूला पुलिस ने संभावित उपद्रवी और शांति भंग करने वाले तत्वों की पहचान कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई करते हुए 287 लोगों को पाबंद किया है. पुलिस को आशंका थी कि ये व्यक्ति चुनावी माहौल को खराब कर सकते हैं या कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकते हैं.”
लाइसेंस धारकों के हथियार जमा:पंचकूला पुलिस ने धारा 163 के तहत सख्त एहतियातन कार्रवाई करते हुए 335 लाइसेंस धारकों के हथियार जमा करवाए. पुलिस द्वारा यह कदम उन व्यक्तियों को चिन्हित कर उठाया गया, जिनके हथियारों के चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने या किसी अवैध गतिविधि में इस्तेमाल होने की आशंका जताई थी.
पुलिस पुख्ता तैयारी से मुस्तैद:पंचकूला पुलिस कमिश्नर एडीजीपी शिवास कविराज ने कहा कि, “नगर निगम चुनाव के दौरान पुलिस की प्राथमिकता पूरी तरह स्पष्ट है कि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हों. असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पुलिस की सभी टीमें पूरी तरह तैयार हैं और जिले में लगातार निगरानी, गश्त व नाकों पर जांच बढ़ा दी गई हैं. आमजन से अपील है कि वे चुनाव के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों से बचे और जिले में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं.”